- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- रीवा
- /
- कार को ठोकर मार खड़े ट्रक से टकराया...
रीवा न्यूज: कार को ठोकर मार खड़े ट्रक से टकराया हाइवा, एक की मौत, 7 घायल

डिजिटल डेस्क रीवा।रीवा-प्रयागराज मार्ग पर स्थित सोहागी घाटी में गिट्टी लोड एक हाइवा वाहन अनियंत्रित होकर कार को ठोकर मारने के बाद खड़े ट्रक से जाकर टकरा गया। इस हादसे में हाइवा चालक की मौत हो गई। वहीं कार सवार एवं खराब ट्रक के सुधार कार्य में लगे मैकेनिक आदि घायल हुए हैं। इस घटना की वजह से आवागमन बाधित हो गया। सोहागी टीआई कमलेश साहू ने बताया कि रीवा से प्रयागराज की ओर जा रहा गिट्टी लोड हाइवा वाहन अनियंत्रित होकर आगे-आगे चल रही कार को ठोकर मारते हुए घाटी पर खड़े खराब ट्रक में जाकर पीछे से घुस गया। टक्कर इतनी तेज थी कि हाइवा का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक फंस गया था, जिसे काफी मुश्किल से निकाला जा सका। इस हादसे में ट्रक चालक कृष्ण कुमार पाल पिता बृजभान पाल 26 वर्ष निवासी गुढ़ रीवा की मौत हुई है। जबकि वाहन में सवार एक अन्य व्यक्ति कूद गया। कार सवार भी चोटिल हुए हैं। वहीं खराब ट्रक सुधार रहे मैकेनिक आदि भी चपेट में आए हैं। इस तरह एक की मौत और 7 लोग घायल हैं। प्रथम दृष्टया यह हादसा ब्रेक फेल होने की वजह से हुआ है।
Created On :   8 Oct 2026 4:47 PM IST












