रुद्र महायज्ञ: आहुतियों से गूंजा यज्ञ मंडप, महाआरती में उमड़ा आस्था का सैलाब

आहुतियों से गूंजा यज्ञ मंडप, महाआरती में उमड़ा आस्था का सैलाब
महायज्ञ के आठवें दिन प्रातः काल से ही यज्ञशाला की परिक्रमा करने के लिए भक्तों का तांता लगा रहा।

डिजिटल डेस्क,रीवा। शहर के पड़रा स्थित सिद्धपीठ औघड़ दास बाबा आश्रम में आयोजित किए जा रहे भव्य रुद्र महायज्ञ के आठवें दिन समूचा क्षेत्र शिवमय और भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। वैदिक मंत्रोच्चार और शंखनाद के बीच यज्ञाचार्य एवं विद्वान ब्राह्मणों द्वारा संपन्न कराए जा रहे अनुष्ठान में शामिल होने के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। महायज्ञ के आठवें दिन प्रातः काल से ही यज्ञशाला की परिक्रमा करने के लिए भक्तों का तांता लगा रहा।

महिला, पुरुष और बुजुर्गों ने पूर्ण श्रद्धा और आस्था के साथ यज्ञ मंडप की परिक्रमा कर सुख-समृद्धि की कामना की। इसके पश्चात मुख्य हवन कुंड में यजमानों और श्रद्धालुओं द्वारा वैदिक विधि-विधान से हजारों आहुतियां दी गईं। हवन की सुगंध और वैदिक ऋचाओं के सस्वर पाठ से आसपास का पूरा वातावरण अत्यंत पवित्र और आध्यात्मिक हो उठा।

संध्या काल में आश्रम परिसर में विराजमान भगवान महादेव की भव्य महाआरती का आयोजन किया गया ढोल-नगाड़ों, घंटी और शंख की ध्वनि के बीच संपन्न हुई इस आरती में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।

आरती के उपरांत आश्रम के अध्यक्ष गजेन्द्र दुबे तथा वरिष्ठ समाजसेवी रमाकांत शुक्ला , बृजेश पाण्डेय ने बताया कि विशाल भंडारे एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया, जिसमें भक्तों ने अनुशासित ढंग से पंक्तिबद्ध होकर महाप्रसाद ग्रहण किया।

Created On :  

Next Story