सतना न्यूज: अड़ीबाजी के 2 मामलों में 3 आरोपी गिरफ्तार
डिजिटल डेस्क सतना। सिटी कोतवाली पुलिस ने अड़ीबाजी, मारपीट और धमकी देने के 2 अलग-अलग मामलों में वांछित 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। इन प्रकरणों में कुछ आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी धरपकड़ के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
केस-1
पुलिस के मुताबिक बीते 1 मार्च की रात को ईदगाह चौक स्थित होटल में खाना खाकर घर जा रहे अनुज गुप्ता निवासी जवान सिंह कॉलोनी, का रास्ता रोककर पैसों की मांग करने और मना करने पर गाली-गलौज कर मारपीट करने के मामले में 8 माह से फरार चल रहे आरोपी मोहम्मद मकसूद उर्फ छोटू पुत्र शेख मुनव्वर 23 वर्ष, निवासी जवान सिंह कॉलोनी, को मुखबिर की सूचना पर मंगलवार सुबह पकड़ लिया गया। उक्त प्रकरण में आरोपी के दो भाई उमर खान और भइया खान को कुछ दिन पहले ही व्यापारी पर गोली चलाने के मामले में गिरफ्तार किया गया था, जबकि चौथा आरोपी रवि पंडित अब भी गिरफ्त से दूर चल रहा है।
केस- 2
कोतवाली पुलिस ने बताया कि 26 अक्टूबर की रात को तकरीबन 11 बजे स्टेशन रोड पर संचालित शराब दुकान में काम कर रहे योगेन्द्र तिवारी पुत्र अंबिका प्रसाद 45 वर्ष, निवासी मलैगवां, जिला रीवा, काम कर रहे थे, तभी दो युवक आए और फ्री में शराब के साथ पैसों की मांग करने लगे। युवक के मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज कर मारपीट कर दी, तो रात में दुकान के बाहर जमकर पत्थर बरसाए। इस वारदात की शिकायत पर कायमी कर आरोपी अखिल उर्फ मनीष पुत्र राजकुमार रावत 22 वर्ष और निकेत पुत्र विनोद शर्मा 24 वर्ष, निवासी पुष्पराज कॉलोनी को मंगलवार की सुबह मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर पकड़ लिया गया।
Created On :  


