Satna News: गरज-चमक के साथ कच्चे घर पर गिरी आकाशीय बिजली, 3 की हालत बिगड़ी

गरज-चमक के साथ कच्चे घर पर गिरी आकाशीय बिजली, 3 की हालत बिगड़ी
मौसम विभाग, पुलिस और प्रशासन के अफसरों ने बारिश के मौसम में आमजन को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के साथ पेड़-पौधों के नीचे छिपने से बचने की सलाह दी है।

डिजिटल डेस्क,सतना। मझगवां थाना क्षेत्र के तुर्रा गांव में तेज बारिश के बीच एक कच्चे घर में आकाशीय बिजली गिरने से महिला समेत तीन लोग बेसुध हो गए, जिनको उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक गुरुवार दोपहर से ग्रामीण इलाकों में बारिश हो रही थी, जिसके चलते ज्यादातर लोग अपने-अपने घरों में मौजूद थे। इसी बीच शाम करीब 4 बजे, जब तुर्रा निवासी शिवलाल सिंह, अपने परिजन भाईलाल सिंह और रविता सिंह के साथ कच्चे घर में बैठकर बातचीत कर रहे थे, तभी अचानक गरज-चमक और तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी धमक से तीनों लोग बेहोश हो गए, तो वहीं आसपास के रहवासी भी सकते में आ गए।

हॉस्पिटल में कराया गया भर्ती

घटना की जानकारी लगते ही परिजनों ने डायल 112 के माध्यम से पुलिस को सूचित करने के साथ पीड़ितों के आनन-फानन मझगवां हॉस्पिटल पहुंचा दिया, जहां त्वरित उपचार के बाद तीनों को होश आ गया। इस घटना को देखते हुए मौसम विभाग, पुलिस और प्रशासन के अफसरों ने बारिश के मौसम में आमजन को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के साथ पेड़-पौधों के नीचे छिपने से बचने की सलाह दी है।

Created On :   13 Aug 2026 10:15 PM IST

Tags

Next Story