Satna News: रामपुर तहसीलदार के घर में चोरी, नकदी समेत कीमती सामान पार

रामपुर तहसीलदार के घर में चोरी, नकदी समेत कीमती सामान पार
65 मिनट के भीतर पॉश कॉलोनी में वारदात कर चंपत हो गए चोर

डिजिटल डेस्क,सतना। सिविल लाइन थाना क्षेत्र की पेप्टेक सिटी में निवासरत रामपुर बाघेलान तहसीलदार के घर का ताला तोडक़र चोरों ने नकदी समेत कीमती सामान पार कर दिया। इस वारदात से शहर में हडक़ंप मच गया तो वहीं पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक रमेश प्रसाद पुत्र स्वर्गीय वैशाखू कोल 51 वर्ष, निवासी लोढ़ी, थाना जयसिंह नगर, जिला शहडोल, वर्तमान समय पर रामपुर बाघेलान तहसील के पद पर कार्यरत होने के साथ पेप्टेक सिटी के मकान नंबर 344 में पत्नी के साथ रहते हैं।

बुधवार तडक़े तकरीबन 3 बजकर 35 मिनट पर घर में ताला लगाकर पत्नी को रेलवे स्टेशन छोडऩे चले गए और 1 घंटे 5 मिनट बाद वापस आ गए, मगर इतने कम समय में ही अज्ञात बदमाश मेन गेट की कुंडी काटकर घर में घुसे और कमरों की तलाशी लेते हुए आलमारी का लॉक खोलकर 70 हजार नकदी, चांदी के सिक्के एवं अन्य कीमती सामान समेटकर चंपत हो गए।

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

इस वारदात से जहां तहसीलदार रमेश प्रसाद सकते में आ गए तो वहीं कॉलोनी के रहवासियों में भी घबराहट फैल गई। माना जा रहा है कि शातिर बदमाश चोरी के इरादे से पॉश कॉलोनी में घूम रहे थे और बंद घर देखकर हाथ साफ कर दिया।

शिकायत मिलते ही पुलिस ने कायमी कर चोरों की तलाश में कॉलोनी समेत आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं तो मुखबिरों से जानकारी जुटाई जा रही है।

Created On :   13 Aug 2026 9:34 PM IST

Tags

Next Story