- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- शहडोल से मैहर आई महिला दो बेटों और...
Satna News: शहडोल से मैहर आई महिला दो बेटों और भांजी समेत लापता

डिजिटल डेस्क,सतना। शहडोल से मैहर आई 22 वर्षीय महिला अपने 1 व 3 साल के दो बेटों, और 17 साल की भांजी के साथ रहस्यमय ढंग से लापता हो गई, जिनकी गुमशुदगी देवी जी चौकी में दर्ज कराई गई है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक गणेश पुत्र संपत शुक्ला 33 वर्ष, निवासी सकदी, थाना पपौंध, जिला शहडोल, बीते 17 जून को पत्नी मोनिका शुक्ला 22 वर्ष, 3 वर्ष के बेटे शुभम और भांजी स्वाती मिश्रा 17 वर्ष, के साथ एक साल के बेटे दिव्यांशू का मुंडन कराने मैहर आए थे, उनके साथ कटनी से बहनोई जितेन्द्र मिश्रा भी मैहर पहुंचे थे।
देवी मंदिर में दर्शन-पूजन और मुंडन के बाद पूरा परिवार खरीदारी करने मार्केट चला गया, इसी बीच महिला ने दूसरी दुकान से कुछ सामान लेने के लिए कहा और दोनों बच्चों व भांजी समेत आगे चली गई, जबकि पति अपने जीजा के साथ वहीं इंतजार करता रहा। काफी देर तक रुकने के बाद भी जब पत्नी व बच्चे नहीं लौटे तो दोनों लोग तलाश में जुट गए, पर कुछ पता नहीं चला।
ऐसे में बदहवास होकर देवी जी चौकी पहुंच गए, जहां पुलिस ने शिकायत मिलते ही जांच शुरू कर मंदिर क्षेत्र समेत शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तो उक्त महिला दोनों बच्चों और भांजी के साथ दुकान से निकलते ही एक ऑटो में बैठकर रेलवे स्टेशन की तरफ जाती दिखाई दी।
ऑटो में बच्चों और महिला के साथ था एक युवक
ऐसे में पुलिस ने उक्त ऑटो चालक को खोजकर पूछताछ की, तो पता चला कि ऑटो में चारों लोगों के साथ एक युवक भी मौजूद था, जिसने सभी का किराया दिया। ऐसे में टिकट काउंटर और रेलवे प्लेटफार्म के फुटेज देखे गए, जिसमें अज्ञात युवक सहित महिला, उसके दोनों बच्चे और भांजी वाराणसी जाने वाली ट्रेन में सवार होते नजर आए।
माना जा रहा है कि उक्त युवक बहला-फुसलाकर चारों को अपने साथ ले गया। वहीं जब साइबर सेल के जरिए फोन की लोकेशन ट्रेस की गई तो गुरुवार को लापता महिला की मौजूदगी वाराणसी में ही पाई गई। ऐसे में यूपी पुलिस से संपर्क करने के साथ मैहर पुलिस की एक टीम को रवाना किया जा रहा है।
Created On :   19 Jun 2026 4:22 PM IST












