- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सिवनी
- /
- धावा : 400 किलो कुंदा, 35 किलो घी...
सिवनी न्यूज: धावा : 400 किलो कुंदा, 35 किलो घी किया जब्त

डिजीटल डेस्क, सिवनी
त्योहारों के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग खाद्य प्रतिष्ठानों व दुग्ध कारोबारियो के यहां लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में विभाग के जांच दल ने बुधवार को लखनादौन स्थित बलराम दूध डेयरी एवं कुंदा निर्माण यूनिट में औचक तरीके से धावा बोला। कुंदा निर्माण यूनिट में जांच के दौरान भारी मात्रा में अमानक स्तर का कुंदा पाया गया। यहां कार्रवाई करते हुए मौके से 400 किलोग्राम कुंदा जब्त किया गया। इसी प्रतिष्ठान से मानव उपभोग हेतु विक्रय के लिए रखे 35 किलोग्राम घी को भी जब्त कर उसका नमूना गुणवत्ता जांच के लिए लिया गया। इस कार्रवाई से हडक़ंप की स्थिति रही। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी सोनू तिवारी ने बताया कि जब्त की गई खाद्य सामग्री का अनुमानित मूल्य लगभग 3 लाख 61 हजार रुपए है। उन्होंने बताया कि खाद्य सामग्री का निर्माण एवं भंडारण अस्वच्छ परिस्थितियों में किया जाना पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 32 के तहत संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता को नोटिस जारी किया गया तथा आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं।
दही, पनीर के लिए नमूने
भीमगढ़ क्षेत्र स्थित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों की भी जांच कर सोनपपड़ी, गुलाब जामुन, दही एवं पनीर के नमूने गुणवत्ता जांच के लिए लिए गए। चलित खाद्य प्रयोगशाला के माध्यम से रितेश गुप्ता मिष्ठान भंडार, वैशाली राजपुरोहित मिष्ठान भंडार एवं उत्तम स्वीट्स का निरीक्षण कर विभिन्न प्रकार की 25 खाद्य सामग्री एवं मिठाइयों के नमूने जांच के लिए लिए गए। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर नेहा मीना के निर्देश पर जिले में चलित खाद्य प्रयोगशाला एवं मैजिक बॉक्स के माध्यम से खाद्य पदार्थों की जांच का अभियान लगातार जारी है।
Created On :   26 Aug 2026 8:09 PM IST












