- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सिवनी
- /
- बहन की राखी का धागा टूटा नहीं था,...
सिवनी न्यूज: बहन की राखी का धागा टूटा नहीं था, भाइयों की जिंदगी की डोर टूट गई

भास्कर न्यूज़, सिवनी
रक्षाबंधन पर्व पर बहन से राखी बंधवाकर भविष्य की खुशियों के सपने संजोए दो सगे भाई बाइक से ड्यूटी के लिए छिंदवाड़ा रवाना हुए थे, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। जबलपुर से छिंदवाड़ा जाते समय लखनादौन बायपास में अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। कुछ घंटे पहले तक जिस घर में भाई-बहन के स्नेह और रक्षाबंधन की खुशियां थीं, वहीं हादसे की खबर पहुंचते ही मातम पसर गया।
ये है घटना
लखनादौन पुलिस ने बताया कि जबलपुर के आधारताल निवासी संतोष(40) पिता राजकुमार श्रीवास्तव और उसका छोटा भाई नीरज(38) छिंदवाड़ा में निजी कंपनी में काम करते थे। दोनों रक्षाबंधन पर्व मनाकर वापस बाइक से छिंदवाड़ा लौट रहे थे। शनिवार की रात करीब 9.30 बजे बायपास में अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। टक्कर किस वाहन ने मारी इसका पता नहीं चला है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज निकाल रही है। पुलिस को शक है कि जिस प्रकार से हादसा हुआ उससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि किसी भारी वाहन से हादसा हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
Created On :   30 Aug 2026 3:16 PM IST












