- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- शहडोल
- /
- रीवा एयरपोर्ट रनवे से 573 मीटर ही...
Shahdol News: रीवा एयरपोर्ट रनवे से 573 मीटर ही कम है शहडोल एयर स्ट्रिप की लंबाई

डिजिटल डेस्क,शहडोल। मोदी की गारंटी में शामिल शहडोल में एयरपोर्ट निर्माण के लिए लालपुर एयर स्ट्रिप में ज्यादा काम करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। रीवा एयरपोर्ट में रनवे की लंबाई 1798.30 मीटर है, वहीं शहडोल में लालपुर स्थित एयर स्ट्रिप की लंबाई 1224.68 मीटर है। यानी रीवा की तुलना में 573.63 मीटर कम। लालपुर में पहले भी हवाई जहाज उतर चुके हैं।
इसका निर्माण ओरियंट पेपर मिल द्वारा करवाया गया था, लेकिन वर्ष 2015 में ओपीएम द्वारा रखरखाव में हाथ खींच लिए जाने के बाद कलेक्टर मुकेश शुक्ला के कार्यकाल में लालपुर एयर स्ट्रिप को शासन के आधिपत्य में ले लिया गया है। यहां एक जुलाई 2023 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे से पहले एयर स्ट्रिप के रखरखाव में लोक निर्माण विभाग द्वारा लाखों रूपए व्यय किया गया।
इसके बाद भी विमानन विभाग द्वारा वार्षिक प्रशासकीय प्रतिवेदन वर्ष 2025-26 में लालपुर एयर स्ट्रिप को वर्तमान में अनुपयोगी करार दिए जाने के साथ ही ओपीएम के आधिपत्य में बताया गया। इसका नुकसान यह होगा कि यहां एयरपोर्ट निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाए जाने पर विमानन विभाग की गलत टीप से अड़चने आएंगी।
ऐसे समझें रनवे की लंबाई
सतना 1828.80
दतिया 1799.53
रीवा 1798.32
(लंबाई मीटर में, तीनों ही एयरपोर्ट में रनवे की चौड़ाई 29.87 मीटर है)
> शहडोल स्थित लालपुर एयर स्ट्रिप की लंबाई 1224.68 और चौड़ाई 14.93 मीटर है.
मुख्यमंत्री से मिलकर रखी है बात
16 मार्च को भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर शहडोल में एयरपोर्ट निर्माण का निर्माण जल्द करवाए जाने की मांग रखी है। मंगलवार को भोपाल में रहेंगे। इस बार विमानन विभाग के अधिकारियों से मुलाकात कर पूछेंगें कि केंद्र सरकार की रीजनल कनेक्टिविटी योजना और लोकसभा चुनाव के दौरान मोदी की गारंटी में शहडोल में एयरपोर्ट निर्माण शामिल किए जाने के बाद भी प्रक्रिया पूरी करने में आखिर कहां विलंब हो रहा है।
मनीषा सिंह
विधायक जयसिंहनगर शहडोल
विमानन विभाग की लापरवाही ऐसी कि 10 साल से प्रशासन के अधीन लालपुर एयर स्ट्रिप को ओपीएम के आधिपत्य में बताया
Created On :   24 March 2026 4:31 PM IST












