Sidhi News: छात्रावास की थाली से छात्राएं नाराज, पहुंची एसडीएम के दरबार, व्यवस्था पर उठाए सवाल

छात्रावास की थाली से छात्राएं नाराज, पहुंची एसडीएम के दरबार, व्यवस्था पर उठाए सवाल
35 छात्राओं ने लिखित शिकायत देकर खोली व्यवस्थाओं की पोल, रोज एक जैसी सब्जी-नाश्ते और जरूरी सामग्री नहीं मिलने के आरोप

डिजिटल डेस्क,सीधी। सीधी जिले के आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र कुसमी में आदिवासी छात्रावासों की व्यवस्थाओं पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। शासकीय अनुसूचित जनजाति उत्कृष्ट वरिष्ठ कन्या छात्रावास की करीब 35 छात्राएं गुरुवार को अपनी शिकायत लेकर एसडीएम कार्यालय पहुंचीं। छात्राओं ने भोजन की गुणवत्ता, रोज एक जैसा नाश्ता और सब्जी दिए जाने तथा साबुन-टूथपेस्ट जैसी जरूरी सामग्री नहीं मिलने के आरोप लगाते हुए लिखित आवेदन सौंपा। छात्राओं ने पूर्व अधीक्षिका कौशल्या सिंह को दोबारा पदस्थ करने की मांग भी उठाई।

थाली में वही सब्जी, दैनिक उपयोग की जरूरी सामग्री गायब

छात्राओं के मुताबिक, छात्रावास में सुबह लौकी की सब्जी, रात में आलू-सोयाबीन बड़ी की सब्जी और नाश्ते में बार-बार पोहा दिया जाता है। उनका आरोप है कि दैनिक उपयोग की जरूरी सामग्री भी नियमित रूप से उपलब्ध नहीं कराई जा रही, जिसके चलते उन्हें अपने खर्च से सामान खरीदना पड़ता है। सवाल यह है कि छात्रावास में रहने वाली छात्राओं के भोजन और बुनियादी जरूरतों की नियमित निगरानी आखिर कौन कर रहा है

नई अधीक्षिका ने कहा-प्रभार मिलने के बाद करेंगे सुधार

वर्तमान अधीक्षिका कलावती सिंह ने बताया कि उन्होंने हाल ही में प्रभार संभाला है और अभी उन्हें पूरा प्रभार नहीं मिला है। उनका कहना है कि पूर्ण प्रभार मिलने के बाद छात्रावास की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

एसडीएम करेंगे निरीक्षण

एसडीएम कुसमी सागर दिलीप सेन ने छात्राओं का आवेदन मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि संबंधित विभाग से जानकारी मांगी जाएगी। वे टीम के साथ छात्रावास पहुंचकर भोजन, आवश्यक सामग्री और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी करेंगे। निरीक्षण के बाद रिपोर्ट संबंधित विभाग को भेजी जाएगी।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि छात्रावास की वास्तविक समस्याओं का समाधान होगा या पूरा मामला केवल कागजी जांच तक सीमित रह जाएगा? अब प्रशासनिक निरीक्षण में भोजन की गुणवत्ता, आवश्यक सामग्री की उपलब्धता, छात्राओं के आरोपों और पूर्व जांच की प्रक्रिया की पड़ताल महत्वपूर्ण होगी।

Created On :  

Next Story