Sidhi News: जेवरात से भरा बैग लौटाकर पुलिस ने जीता भरोसा

जेवरात से भरा बैग लौटाकर पुलिस ने जीता भरोसा
कीमती सामान सुरक्षित मिलने पर जवान ने पुलिस का आभार जताया।

डिजिटल डेस्क,सीधी। सड़क पर गिरा आर्मी हवलदार का ट्रॉली बैग, सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग; ई-रिक्शा चालक की ईमानदारी भी आई सामने जिले की रामपुर नैकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सेना में पदस्थ एक हवलदार का करीब पांच लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात से भरा ट्रॉली बैग सुरक्षित वापस दिलाया है। सड़क पर गिरे इस बैग में जवान और उनकी पत्नी के कपड़े भी रखे थे। पुलिस की सक्रियता और ई-रिक्शा चालक की ईमानदारी से परिवार को सामान वापस मिल गया है।

जानकारी के अनुसार, खैरा निवासी अमरकांत द्विवेदी श्रीनगर में सेना में हवलदार के पद पर पदस्थ हैं। वह अपनी पत्नी और परिवार के साथ निजी कार से घर लौट रहे थे। जहां ग्राम शिकारगंज के पास सड़क पर कार उछलने से डिक्की खुल गई और लाल रंग का ट्रॉली बैग सड़क पर गिर गया। बैग में कीमती जेवरात होने के कारण उसके गुम होने से परिवार की चिंता बढ़ गई।

सूचना मिलने पर खड्डी चौकी प्रभारी एएसआई नीरज कुमार और पुलिस टीम ने तत्काल तलाश शुरू की। शिकारगंज बैरियर के पास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। इसके बाद उस ई-रिक्शा की पहचान की गई, जो घटना के समय वहां से गुजरा था। जांच के दौरान पुलिस ग्राम मौरा पहुंची, जहां रीवा जिले के शिवपुरवा निवासी ई-रिक्शा चालक संदीप यादव से पूछताछ की गई।

चालक ने सड़क पर ट्रॉली बैग मिलने की जानकारी देते हुए उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने जेवरात और अन्य सामान सहित बैग सेना के जवान अमरकांत द्विवेदी को वापस सौंप दिया। कीमती सामान सुरक्षित मिलने पर जवान ने पुलिस का आभार जताया।

Created On :   15 Oct 2026 5:49 PM IST

Tags

Next Story