- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सिंगरौली
- /
- 2 हजार की रिश्वत लेते फारेस्ट के...
Singrauli News: 2 हजार की रिश्वत लेते फारेस्ट के बीट गार्ड को रीवा लोकायुक्त ने रंगेहाथ पकड़ा

डिजिटल डेस्क,सिंगरौली। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ रीवा लोकायुक्त पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की है। लोकायुक्त ने बरगवा वन परिक्षेत्र अंतर्गत ओबरी में पदस्थ बीट गार्ड अखिलेश शुक्ला को 2 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। पीड़ित की शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को रिश्वत लेते ही दबोच लिया। कार्रवाई के बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार पीड़ित रामलोचन प्रजापति से बीट गार्ड द्वारा एक कार्य के एवज में 2 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। बार-बार की मांग से परेशान होकर पीड़ित ने रीवा लोकायुक्त पुलिस से शिकायत की।
पूरी कार्रवाई बरगवा रेस्ट हाउस में हुई
लोकायुक्त पुलिस ने शिकायत का सत्यापन करने के बाद योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की राशि ली, टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथ पकड़ लिया।
यह पूरी कार्रवाई बरगवा रेस्ट हाउस में की गई, जहां लोकायुक्त की टीम पहले से मौजूद थी। ट्रैप सफल होते ही आरोपी बीट गार्ड को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
वन विभाग में मचा हड़कंप
बीट गार्ड की गिरफ्तारी की खबर फैलते ही वन विभाग में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के बाद विभागीय कर्मचारियों में भी चर्चा का माहौल बना रहा। वहीं, लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
Created On :   18 July 2026 1:04 PM IST












