- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- वाशिम
- /
- खड़े कंटेनर से भिड़ी कार, भीषण...
दर्दनाक हादसा: खड़े कंटेनर से भिड़ी कार, भीषण हादसे में माता-पिता के इकलौते बेटे की मौके पर ही हुई मौत

Washim News. ज़िले के मालेगांव शहर के पास अकोला-नांदेड़ महामार्ग पर स्थित एक पेट्रोल पंप के सामने वाशिम से मालेगांव होते हुए शिरपुर जा रही एक कार ने महामार्ग पर खड़े कंटेनर को पीछे से ज़ोरदार टक्कर मार दी। सोमवार, 27 जुलाई की रात करीब 3 बजे हुए इस हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
भीषण टक्कर के कारण कार क्रमांक एमएच-37-वी-9840 पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद शिरपुर जैन निवासी चालक दीपक लक्ष्मण भांदुर्गे (31) कार के अंदर ही फंस गए थे। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उनका शव बाहर निकाला गया।
बताया जा रहा है कि दीपक भांदुर्गे एक विवाह समारोह में शामिल होने के बाद शिरपुर लौट रहे थे। वे परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य थे। माता-पिता के इकलौते बेटे होने के कारण उनकी असामयिक मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि हाईवे पर कई स्थानों पर भारी वाहन और ट्रक खड़े रहने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। इसके बावजूद पुलिस और परिवहन विभाग इस गंभीर समस्या पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे रहे हैं।
Created On :   27 July 2026 8:07 PM IST













