यवतमाल: व्यक्ति की हत्या मामले में तीन युवक गिरफ्तार

व्यक्ति की हत्या मामले में तीन युवक गिरफ्तार
  • हत्या का मामला
  • तीन युवक गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, यवतमाल. नवजीवन सोसाइटी-आदिवासी सोसाइटी परिसर में सोमवार शाम को पुरानी रंजिश के चलते तीन युवकों ने मिलकर प्रेम पवार नामक व्यक्ति पर तेजधार हथियार से वार कर निर्मम हत्या कर दी। इस वारदात को लेकर सोशल मीडिया में वायरल फोटो से अवधूतवाडी पुलिस को इस घटना की जानकारी मिली थी।इस मामले में अवधूतवाड़ी पुलिस ने देर रात तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में कन्यका गृह निर्माण सोसाइटी, गोधनी मार्ग निवासी आरोपी विनोद प्रकाश कांबले(31) कृष्णा कांबले (28) इन दोनों सगे भाइयों के साथ जामनकर नगर निवासी शुभम प्रमोद मेश्राम ऊर्फ गणोरी (24) के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार जामनकर नगर निवासी प्रेम वाल्मीक पवार(50) की हत्या क्यों और किसने की? यह बडा सवाल था। मृतक के रिश्तेदार ग्राम चौधरा निवासी परिजन सहदेव पवार(50) ने सोमवार देररात को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत के मुताबिक आरोपी विनोद प्रकाश कांबले, कृष्णा कांबले इन दोनों सगे भाइयों के साथ शुभम प्रमोद मेश्राम ऊर्फ गणोरी ने मिलकर पुरानी रंजिश के चलते प्रेम से विवाद किया था। जिसके बाद आरोपी उसे घसीटकर आदिवासी सोसाइटी के पास लेकर गए, यहां तेजधार हथियार से वार कर उसकी हत्या कर दी। इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी और देर रात को हत्या में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बताया जाता है कि कुछ दिन पूर्व आरोपियों का मृत प्रेम के भांजे सचिन राठोड के साथ विवाद हुआ था। इसी विवाद के चलते आरोपियों ने प्रेम की निर्मम हत्या करने की बात शिकायत में कहीं है।

Created On :   20 Dec 2023 1:32 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story