Vaibhav Sooryavanshi: 'वो टीम इंडिया में डेब्यू करने का हकदार..', वैभव सूर्यवंशी की फॉर्म देख आईपीएल चेयरमैन ने की डिमांड

डिजिटल डेस्क, दिल्ली। भारतीय क्रिकेट के यंग स्टार वैभव सूर्यवंशी का नाम इस समय हर किसी की जुबां पर है। यह 15 साल का बल्लेबाज आईपीएल में अपने तूफानी बैटिंग से धूम मचा रहा है। आईपीएल के चेयनमैन अरुण धूमल भी वैभव की शानदार बैटिंग से इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने उनकी टीम इंडिया में जल्द से जल्द एंट्री करवाने की डिमांड कर दी। अब देखना होगा कि उनकी इस मांग के बाद बीसीसीआई क्या करेगा।
शनिवार को आरसीबी के खिलाफ वैभव ने केवल 26 गेंदों पर 8 चौके और 7 छक्कों की मदद से 78 रन की तूफानी पारी खेली थी। उन्होंने इस दौरान जोस हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार जैसे दिग्गज गेंदबाजों की बड़ी बेरहमी से पिटाई की।
क्या बोले अरुण धूमल?
वैभव की बल्लेबाजी देखकर अरुण धूमल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, 'वैभव आईपीएल के इस सीजन में शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं। इस प्रदर्शन को देखते हुए यह प्रतिभाशाली खिलाड़ी निश्चित रूप से टीम इंडिया के लिए सबसे कम उम्र के खिलाड़ी के रूप में डेब्यू करने का हकदार है।' बता दें कि भारतीय क्रिकेट टीम (पुरुष) के लिए सबसे कम उम्र में डेब्यू करने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है। उन्होंने 16 साल की उम्र में इंटरनेशनल डेब्यू किया था।
आईपीएल चेयरमैन ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा, "इतने प्रतिभाशाली और इतने कम उम्र के खिलाड़ी को चुनने का मौका बहुत कम मिलता है। जाहिर तौर पर वह भारत के लिए सबसे कम उम्र में डेब्यू करने वाले खिलाड़ी के रूप में अपना नाम दर्ज कराने के पूरे हकदार हैं।"
वैभव को मिला ऑरेंज कैप
आरसीबी के खिलाफ खेली पारी के बाद वैभव के सिर पर ऑरेंज कैप सज गया है। उन्होंने अभी तक खेली चार पारियों में करीब 276 के स्ट्राइक रेट से 200 रन बनाए हैं, जो कि इस सीजन में अभी तक सबसे ज्यादा हैं। इस दौरान उनके बल्ले से दो तूफानी अर्धशतक भी निकले हैं।
Created On :   11 April 2026 8:09 PM IST













