CSK Vs DC: चेन्नई ने दिल्ली को दिया 213 रन का टारगेट, संजू सैमसन ने ठोका शानदार शतक, आयुष म्हात्रे ने लगाई फिफ्टी

चेन्नई ने दिल्ली को दिया 213 रन का टारगेट, संजू सैमसन ने ठोका शानदार शतक, आयुष म्हात्रे ने लगाई फिफ्टी
  • चेन्नई और दिल्ली के बीच खेला जाएगा 18वां मुकाबला
  • दिल्ली ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी
  • संजू सैमसन के शतक की मदद से चेन्नई ने 212 रन बनाए

डिजिटल डेस्क, चेन्नई। आईपीएल 2026 के 18वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स के सामने 213 रन टारगेट रखा। चेन्नई के होम ग्राउंड चेपॉक स्टेडियम मे दिल्ली के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। चेन्नई ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 212 रन बनाए।

फॉर्म में लौटे संजू सैमसन

चेन्नई सुपर किंग्स ने अच्छी शुरूआत की। टीम के ओपनर संजू सैमसन और ऋतुराज गायकवाड़ ने पहले विकेट के लिए 62 रन की साझेदारी की। गायकवाड़ के 15 रन पर आउट होने के बाद संजू ने युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे के साथ दूसरे विकेट के लिए 11.2 ओवर में 113 रन की साझेदारी की। आयुष म्हात्रे 36 गेंदों पर 59 रन बनाकर रिटायर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 3 चौके और 4 छक्के जड़े।

संजू सैमसन ने 56 गेंदों पर 15 चौके और 4 छक्कों से सजी नाबाद 115 रन की पारी खेली। यह इस सीजन में उनकी पहली सेंचुरी है। इससे पहले खेले गए तीन मैचों में वह दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाए थे। लेकिन इस मैच में उन्होंने अपनी खोई हुई फॉर्म हासिल की। बता दें कि यह उनके आईपीएल करियर का चौथा शतक है। संजू के साथ शिवम दुबे नॉट आउट लौटे, उन्होंने 10 गेंदों पर 2 चौके और 1 छक्के की मदद से 20 रन की पारी खेली। दिल्ली की ओर से केवल अक्षर पटेल को सफलता मिली। उन्होंने ऋतुराज गायकवाड़ का विकेट झटका।

दोनों टीमों की प्लेइंग-11

चेन्नई सुपरकिंग्स - संजू सैमसन (विकेटकीपर), ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), आयुष म्हात्रे, सरफराज खान, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, जैमी ओवरटन, नूर अहमद, अंशुल कंबोज, खलील अहमद, गुरजपनीत सिंह।

इम्पैक्ट प्लेयर्स - मैथ्यू शॉर्ट, अकील हुसैन, कार्तिक शर्मा, प्रशांत वीर, मैट हेनरी।

दिल्ली कैपिटल्स - केएल राहुल (विकेटकीपर), पाथुम निसांका, समीर रिजवी, अक्षर पटेल (कप्तान), ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, आकिब नबी, लुंगी एनगिडी, कुलदीप यादव, टी नटराजन, मुकेश कुमार।

इम्पैक्ट प्लेयर्स - विपराज निगम, आशुतोष शर्मा, करुण नायर, दुष्मंथा चमीरा, नीतीश राणा।

Created On :   11 April 2026 9:36 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story