PBKS Vs SRH: पंजाब ने हैदराबाद को 6 विकेट से रौंदा, दर्ज की सीजन की तीसरी जीत, श्रेयस अय्यर-प्रियांश आर्या-प्रभसिमरन ने ठोके तूफानी अर्धशतक

पंजाब ने हैदराबाद को 6 विकेट से रौंदा, दर्ज की सीजन की तीसरी जीत, श्रेयस अय्यर-प्रियांश आर्या-प्रभसिमरन ने ठोके तूफानी अर्धशतक
  • पंजाब ने चेज किया हैदराबाद का दिया 220 रन का टारगेट
  • कप्तान श्रेयस अय्यर ने खेली नाबाद 69 रन की पारी
  • हैदरबाद की ओर से अभिषेक शर्मा ने लगाई तूफानी फिफ्टी

डिजिटल डेस्क, मोहाली। पंजाब किंग्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को हराकर आईपीएल 2026 में अपनी तीसरी जीत दर्ज की। टीम अब 7 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर आ गई है। मोहाली के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बैटिंग करते हुए हैदराबाद ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 219 रन बनाए। जबाव में हैदराबाद की टीम ने 18.5 ओवरमें 4 विकेट खोकर टारगेट हासिल कर लिया।

अय्यर ने खेली कप्तानी पारी

पंजाब की ओर से कप्तान श्रेयस अय्यर ने नाबाद 69 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 33 गेंदों का सामना किया और 5 चौके व इतने ही छक्के जड़े। उनके अलावा ओपनर प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह ने तूफानी अर्धशतक लगाए। प्रियांश ने 29 गेंदों पर 57 जबकि प्रभसिमरन ने 25 गेंदों पर 51 रन की पारियां खेलीं। दोनों ने पहले विकेट के लिए 39 गेंदों पर 99 रन की साझेदारी की। हैदराबाद की ओर से शिवांग कुमार ने सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके। हर्ष दुबे के खाते में एक विकेट गया।

इससे पहले सनराइजर्स हैदराबाद के ओपनर्स ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा ने टीम को तूफानी शुरूआत दिलाई। दोनों ने 8.1 ओवर में 120 रन बना डाले। पॉवरप्ले में ही 105 रन बन गए, जो कि इस सीजन का सबसे बड़ा पॉवरप्ले स्कोर है। इस दौरान अभिषेक शर्मा ने पंजाब के गेंदबाज बैशाख के एक ओवर में 4 छक्के जड़ डाले। अभिषेक शर्मा ने टीम की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाए। उन्होंने केवल 28 गेंदों पर 5 चौके और 8 छक्कों की मदद से 74 रन बना डाले। अभिषेक के अलावा ट्रेविस हेड ने 18 गेंदों पर 38 और हेनरिक क्लासेन ने 33 गेंदों पर 39 रन की पारी खेली। हालांकि जिस हिसाब से टीम ने शुरुआत की थी, वैसा अंत नहीं कर सके।

अभिषेक शर्मा के आउट होने के पहले टीम ने 8 ओवर में 120 रन बना लिए थे। ऐसा लग रहा था कि टीम 250 के आंकड़े को तो आराम से पा लेगी। लेकिन, अभिषेक और हेड के आउट होने के बाद कोई भी बल्लेबाज अच्छी बैटिंग नहीं कर सका। पंजाब की ओर से शशांक सिंह और अर्शदीप सिंह ने दो-दो विकेट झटके। शशांक ने अपने एक ही ओवर में पहले अभिषेक और फिर हेड को आउट किया। अर्शदीप सिंह ने ईशान किशन को आउट कर इस सीजन का अपना पहला विकेट लिया। इस दौरान वह भावुक नजर आए।

Created On :   11 April 2026 7:37 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story