CSK Vs DC: चेन्नई ने दिल्ली को 23 रन से हराया, संजू सैमसन ने ठोका शानदार शतक, ओवर्टन ने झटके 4 विकेट

चेन्नई ने दिल्ली को 23 रन से हराया, संजू सैमसन ने ठोका शानदार शतक, ओवर्टन ने झटके 4 विकेट
  • चेन्नई को मिली सीजन की पहली जीत
  • दिल्ली की लगातार तीसरी हार
  • संजू सैमसन बने प्लेयर ऑफ द मैच

डिजिटल डेस्क, चेन्नई। आईपीएल 2026 के 18वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स को 23 रन से हरा दिया। यह इस सीजन की उसकी पहली जीत है। टीम ने अपने शुरुआती तीनों मैच हारे थे। वहीं दो जीत के बाद दिल्ली की यह लगातार दूसरी हार है। इससे पहले टीम को गुजरात के हाथों 1 रन से हार का सामना करना पड़ा था। चेन्नई के होम ग्राउंड चेपॉक स्टेडियम मे दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। चेन्नई ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 212 रन बनाए। जवाब में दिल्ली 20 ओवर में 10 विकेट पर 189 रन ही बना सकी।

दिल्ली की खराब बैटिंग

दिल्ली की ओर से ट्रिस्टन स्टब्स ने सबसे ज्यादा 60 रन की पारी खेली। अपनी पारी में स्टब्स ने 38 गेंदों का सामना किया और 4 चौके व 3 छक्के जड़े। उनके अलावा ओपनर पथुम निशांका ने 24 गेंदों पर 41 रन बनाए। दिल्ली की हार की वजह उसके बड़े बल्लेबाजों का ज्यादा देर क्रीज पर नहीं रुकना रहा। स्टब्स और निशांका के अलावा कोई भी बैटर 20 रन का आंकड़ा नहीं छू सका। चेन्नई की ओर से जैमी ओवर्टन ने सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 4 ओवर में केवल 18 रन देकर 4 विकेट झटके। उनके अलावा अंशुल कंबोज ने दिल्ली के तीन बल्लेबाजों को आउट किया। खलील अहमद, गुरजपनीत सिंह और नूर अहमद को 1-1 सफलता मिली।

फॉर्म में लौटे संजू सैमसन

चेन्नई सुपर किंग्स ने अच्छी शुरूआत की। टीम के ओपनर संजू सैमसन और ऋतुराज गायकवाड़ ने पहले विकेट के लिए 62 रन की साझेदारी की। गायकवाड़ के 15 रन पर आउट होने के बाद संजू ने युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे के साथ दूसरे विकेट के लिए 11.2 ओवर में 113 रन की साझेदारी की। आयुष म्हात्रे 36 गेंदों पर 59 रन बनाकर रिटायर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 3 चौके और 4 छक्के जड़े।

संजू सैमसन ने 56 गेंदों पर 15 चौके और 4 छक्कों से सजी नाबाद 115 रन की पारी खेली। यह इस सीजन में उनकी पहली सेंचुरी है। इससे पहले खेले गए तीन मैचों में वह दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाए थे। लेकिन इस मैच में उन्होंने अपनी खोई हुई फॉर्म हासिल की। बता दें कि यह उनके आईपीएल करियर का चौथा शतक है। संजू के साथ शिवम दुबे नॉट आउट लौटे, उन्होंने 10 गेंदों पर 2 चौके और 1 छक्के की मदद से 20 रन की पारी खेली। दिल्ली की ओर से केवल अक्षर पटेल को सफलता मिली। उन्होंने ऋतुराज गायकवाड़ का विकेट झटका। संजू सैमसन को उनकी शतकीय पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

दोनों टीमों की प्लेइंग-11

चेन्नई सुपरकिंग्स - संजू सैमसन (विकेटकीपर), ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), आयुष म्हात्रे, सरफराज खान, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, जैमी ओवरटन, नूर अहमद, अंशुल कंबोज, खलील अहमद, गुरजपनीत सिंह।

इम्पैक्ट प्लेयर्स - मैथ्यू शॉर्ट, अकील हुसैन, कार्तिक शर्मा, प्रशांत वीर, मैट हेनरी।

दिल्ली कैपिटल्स - केएल राहुल (विकेटकीपर), पाथुम निसांका, समीर रिजवी, अक्षर पटेल (कप्तान), ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, आकिब नबी, लुंगी एनगिडी, कुलदीप यादव, टी नटराजन, मुकेश कुमार।

इम्पैक्ट प्लेयर्स - विपराज निगम, आशुतोष शर्मा, करुण नायर, दुष्मंथा चमीरा, नीतीश राणा।

Created On :   12 April 2026 12:19 AM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story