Australia-India Test Series: भारत में 5 टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेगी ऑस्ट्रेलिया टीम, नागपुर में खेला जाएगा पहला मुकाबला, देखें पूरा शेड्यूल

डिजिटल डेस्क, दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम अगले साल की शुरुआत में भारत का दौरा करेगी। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 सायकल के लिहाज से अहम रहने वाली इस सीरीज में दोनों टीमों के बीच 5 मैच खेले जाएंगे। फिलहाल भारतीय टीम श्रीलंका के दौरे पर है, जहां वह दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेगी। पहला मुकाबला 15 अगस्त को गॉल में, जबकि दूसरा मुकाबला 23 अगस्त से सिंहली में खेला जाएगा। ऑस्ट्रेलिया और भारत की सीरीज का शेड्यूल का पूरा शेड्यूल यहां देखें...
यह भी पढ़े -ऑस्ट्रेलिया इलेवन ने बांग्लादेश को बुरी तरह हराया, हेड कोच फिल सिमंस ने बल्लेबाजी पर जताई चिंता
नागपुर में खेला जाएगा पहला मुकाबला
ऑस्ट्रेलिया टीम का भारत दौरा जनवरी से मार्च तक चलेगा। सीरीज का पहला मुकाबला नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में 21 जनवरी से खेला जाएगा। इस मैदान पर भारत का रिकॉर्ड शानदार रहा है। मेजबान टीम ने यहां 7 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें से 5 में उसे जीत मिली है। जबकि एक मैच ड्रॉ और एक में हार मिली है।
चेन्नई में होगा दूसरा मैच
सीरीज का दूसरा मैच चेन्नई के एम ए चिदंबरम स्टेडियम में 29 जनवरी से 2 फरवरी के बीच खेला जाएगा। इस ऐतिहासिक ग्राउंड पर भी भारतीय टीम का दबदबा रहा है। यहां टीम इंडिया ने 35 मैच खेले हैं, जिनमें से 16 में उसे जीत जबकि 7 में हार मिली है।
कहां होंगे बाकी के तीन मैच?
सीरीज का तीसरा मैच गुवाहाटी के डॉ भूपेन हजारिका क्रिकेट स्टेडियम में 11 से 15 फरवरी के बीच खेला जाएगा। इस मैदान भारतीय टीम ने केवल एक मैच खेला है जिसमें उसे साउथ अफ्रीका के हाथों हार मिली थी।
चौथा मैच झारखंड के रांची में होगा। झारखण्ड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन इंटरनेशनल स्टेडियम में यह मैच 19 से 23 फरवरी के बीच खेला जाएगा। वहीं, सीरीज का पांचवां व आखिरी मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। इस ग्राउंड पर टीम इंडिया ने 16 मैच खेले हैं, जिनमें से 10 ड्रॉ रहे हैं। 4 में भारत को जीत मिली है और दो में हार।
Created On :   8 Aug 2026 7:54 PM IST













