Sachin Birthday Special: मास्टर-ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के वो 5 रिकॉर्ड्स, जिन्हें तोड़ना रोहित-विराट के लिए भी है नामुमकिन

डिजिटल डेस्क, मुंबई। 24 अप्रैल का दिन दुनियाभर के क्रिकेट फैंस के लिए काफी अहम माना जाता है, क्योंकि इस दिन एक ऐसे महान खिलाड़ी ने जन्म लिया जिसे अपने अद्भुत खेल के चलते 'क्रिकेट का भगवान' कहा गया। जब भी वो मैदान पर चौकों-छक्कों की बारिश करते थे, करोड़ों लोगों के चेहरे पर मुस्कान आ जाती थी। वहीं, जब वो आउट होते थे तो स्टेडियम के साथ-साथ पूरे देश में सन्नाटा छा जाता था। यही वजह है कि क्रिकेट की दुनिया में उनसे बड़ा स्टार न तो आज तक पैदा हुआ और न ही आगे होगा। आज के जिन क्रिकेटरों को सुपरस्टार्स का दर्जा मिला हुआ है, उनके हीरो भी सचिन ही हैं।
क्रिकेट के मैदान पर सचिन के नाम कई ऐसे रिकॉर्ड्स दर्ज हैं, जिन्हें तोड़ना मुश्किल ही नहीं नामुमकिन नजर आ रहा है। आइए जानते हैं उन रिकॉर्ड्स के बारे में..
50+ स्कोर 264 बार
दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट सुपरस्टार सचिन तेंदुलकर ने अपने करियर में 264 इंटरनेशनल मैचों में 50 से ज्यादा का स्कोर बनाया है। इसमें वनडे में सचिन ने ये कारनामा 145 बार किया तो वहीं टेस्ट में 119 बार किया है। इस रिकॉर्ड तक पहुंचना अब बेहद मुश्किल नजर आ रहा है।
सबसे ज्यादा मुकाबले
सचिन तेंदुलकर कुल 664 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। इसमें 200 टेस्ट, 463 वनडे और 1 टी20 मैच है। आज इस रिकॉर्ड के आसपास भी कोई नहीं है।
सबसे बड़ा वनडे करियर
क्रिकेट जगत में सबसे बड़ा वनडे करियर सचिन तेंदुलकर के ही नाम है। उन्होंने अपना पहला वनडे मुकाबला 1989 में खेला था। वहीं आखिरी साल 2012 में। इस तरह उनका वनडे करियर कुल 22 साल 91 दिन का रहा है। सचिन के बाद रोहित शर्मा का वनडे करियर भी 19 साल को हो गया है, लेकिन वो 3 साल और खेलें ऐसा शायद ही हो।
सबसे ज्यादा रन
सचिन के नाम 664 इंटरनेशल मैचों में 34357 रन दर्ज हैं। इतने रन बनाना भी किसी के लिए मुमकिन नजर नहीं आ रहा है। सचिन के बाद इस मामले में दूसरे स्थान पर विराट कोहली हैं, जिनके नाम 28215 रन दर्ज हैं। विराट टेस्ट और टी20 से संन्यास ले चुके हैं और केवल वनडे खेल रहे हैं। ऐसे में उनका भी 34 हजार रन तक पहुंचना मुश्किल नजर आ रहा है।
यह भी पढ़े -सचिन तेंदुलकर बर्थडे आईसीसी अध्यक्ष जय शाह, बीसीसीआई, आईपीएल फ्रेंचाइजियों ने खास अंदाज में दी बधाई
सबसे ज्यादा मैन ऑफ द मैच
वनडे इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है। वे कुल 62 बार ये अवॉर्ड जीत चुके हैं। मौजूदा दौर में विराट कोहली सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द मैच जीतने वाले हैं। वो 45 बार यह पुरस्कार जीत चुके हैं। सचिन से वो इस मामले में काफी पीछे हैं।
सबसे ज्यादा शतक
इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड भी सचिन के नाम है। वह यह कारनामा 100 बार कर चुके हैं। उनके पीछे विराट कोहली हैं, जो 85 शतक लगा चुके हैं। लेकिन, वह टी20 और टेस्ट से रिटायरमेंट ले चुके हैं और वनडे फॉर्मेट में मैच कम होते हैं ऐसे में उनके लिए 15 वनडे शतक और लगाना बहुत नजर आ रहा है।
सबसे ज्यादा रन
वनडे इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन भी सचिन तेंदुलकर ने ही बनाए हैं। उन्होंने अपने 22 साल लंबे वनडे करियर में 463 मैच खेले हैं, जिनमें उनके नाम 18426 रन दर्ज हैं। इस मामले में उनके बाद विराट कोहली हैं लेकिन अब वनडे मुकाबले उतने ज्यादा नहीं होते, तो उनका भी इस आंकड़े को पाना या फिर उससे आगे निकलना मुश्किल नजर आ रहा है।
Created On :   24 April 2026 4:57 PM IST












