IND vs SL Test Series: कप्तान गिल की चोट पर आया बड़ा अपडेट, श्रीलंका के खिलाफ पहला टेस्ट खेलेंगे या नहीं? कोच ने बताया

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल श्रीलंका के खिलाफ होने वाले पहले टेस्ट के लिए पूरी तरह फिट हैं। भारत के स्पिन बॉलिंग कोच साईराज बहुतुले ने साफ किया है कि वार्म-अप मैच के शुरुआती दो दिन गिल को बाहर रखना सिर्फ एहतियाती फैसला था। गिल 15 अगस्त से गाले में शुरू होने वाले पहले टेस्ट में खेलने के लिए तैयार हैं।
गुरुवार को प्रैक्टिस के दौरान गिल की दाहिने हाथ की उंगली में चोट लगी थी। इसी वजह से उन्हें 'श्रीलंका क्रिकेट इलेवन' के खिलाफ अभ्यास मैच के पहले दो दिन आराम दिया गया। हालांकि, दूसरी पारी में उन्होंने मैदान पर वापसी की और ओपनिंग करते हुए 44 रन बनाए। उनकी बल्लेबाजी में किसी तरह की परेशानी नजर नहीं आई।
यह भी पढ़े -टीम इंडिया ने वॉर्मअप मैच में श्रीलंका-11 को हराया, मोहम्मद सिराज ने 3 छक्के जड़कर दिलाई रोमांचक जीत
'गिल बिल्कुल फिट'
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में बहुतुले ने कहा कि गिल को लेकर चिंता की कोई बात नहीं है। टीम मैनेजमेंट ने उन्हें पहले दो दिन नहीं खिलाने का फैसला सिर्फ एहतियाती तौर पर लिया था। उन्होंने कहा कि गिल लगातार ट्रेनिंग कर रहे थे और दूसरी पारी में उनकी बल्लेबाजी भी अच्छी रही। इससे साफ है कि वह टेस्ट मैच के लिए तैयार हैं।
श्रीलंकाई गेंदबाजों के हिसाब से तैयारी कर रहे गिल
बहुतुले ने बताया कि गिल अपनी तैयारी को लेकर काफी गंभीर रहते हैं। श्रीलंका के गेंदबाजी आक्रमण को ध्यान में रखते हुए उन्होंने खास तरीके से अभ्यास किया है।
टीम के साथ गए नेट गेंदबाजों से गिल ने श्रीलंकाई गेंदबाजों जैसी परिस्थितियों में बल्लेबाजी का अभ्यास किया। बहुतुले के मुताबिक, गिल छोटी-छोटी बातों पर भी ध्यान देते हैं और अपनी तैयारी में कोई कमी नहीं छोड़ते।
यह भी पढ़े -डीपीएल 2026 'हाई स्कोरिंग' मुकाबले में 'किंग्स' की जीत, 'स्ट्राइकर्स' ने 'टाइगर्स' को 7 विकेट से रौंदा
पडिक्कल ने 142 रन बनाकर मजबूत किया दावा
इस बीच देवदत्त पडिक्कल ने भी पहले टेस्ट की प्लेइंग-11 में जगह के लिए अपना दावा मजबूत कर दिया है। उन्होंने अभ्यास मैच की पहली पारी में नाबाद 142 रन बनाए। साई सुदर्शन के सीरीज से बाहर होने के बाद पडिक्कल के लिए टीम में जगह बनाने का रास्ता खुला है। सुदर्शन दाहिने पैर के अंगूठे में स्ट्रेस रिएक्शन के कारण सीरीज से बाहर हुए हैं।
बहुतुले ने कहा कि पडिक्कल को मिले मौके का उन्होंने पूरा फायदा उठाया है। उन्होंने खुलकर बल्लेबाजी की और बड़ी पारी खेलकर अपना आत्मविश्वास बढ़ाया है। हालांकि, प्लेइंग-11 को लेकर अंतिम फैसला गाले की पिच देखने के बाद ही होगा। टीम मैनेजमेंट यह तय करेगा कि पडिक्कल को अंतिम 11 में शामिल किया जाए या नहीं।
Created On :   10 Aug 2026 2:18 AM IST











