IPL 2026 News: चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए प्लेऑफ की राह हुई मुश्किल, इंजरी के चलते आईपीएल से बाहर से हुआ ये स्टार ऑलराउंडर

चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए प्लेऑफ की राह हुई मुश्किल, इंजरी के चलते आईपीएल से बाहर से हुआ ये स्टार ऑलराउंडर
चेन्नई के स्टार ऑलराउंडर जेमी ओवरटन चोटिल हो गए हैं, जिसके इलाज के लिए वह वापस इंग्लैंड लौट गए हैं। ऐसे समय में उनके टीम से बाहर होने पर चेन्नई की टेंशन बढ़ गई हैं।

डिजिटल डेस्क, चेन्नई। आईपीएल 2026 अब अपने अंतिम पड़ाव की ओर बढ़ रहा है। टॉप-7 टीमों के बीच प्लेऑफ में पहुंचने की जंग तेज हो गई है। इनमें से एक टीम चेन्नई सुपरकिंग्स भी है, जो अपने 11 में से 6 मुकाबले जीतकर प्लेऑफ की रेस में बनी हुई है। लेकिन, इस बीच टीम के लिए एक ऐसी खबर सामने आई है, जिससे उसकी प्लेऑफ की राह और मुश्किल होती नजर आ रही है।

चेन्नई के स्टार ऑलराउंडर जेमी ओवरटन चोटिल हो गए हैं, जिसके इलाज के लिए वह वापस इंग्लैंड लौट गए हैं। ऐसे समय में उनका टीम से बाहर होना चेन्नई की चिंताओं में और इजाफा कर सकता है। आईपीएल ने आज इसे लेकर एक बयान जारी किया, जिसमें कहा, 'चेन्नई सुपर किंग्स ने जेमी ओवरटन की जगह एक खिलाड़ी को चुना है। ओवरटन दाहिनी जांघ में चोट के कारण इस सीजन के शेष मुकाबलों से बाहर हो गए हैं। डायन फॉरेस्टर 75 लाख रुपए में ओवरटन की जगह सीएसके में शामिल होंगे। साउथ अफ्रीकी ऑलराउंडर फॉरेस्टर ने मार्च 2026 में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना डेब्यू किया था, उन्होंने 5 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, जिनमें 83 रन बनाए।'

इससे पहले बुधवार को सीएसके ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए कहा कि ओवरटन अपनी दाहिनी जांघ की चोट से जूझ रहे हैं और आगे की जांच व इलाज के लिए इंग्लैंड रवाना हुए हैं।

चेन्नई को लगा बड़ा झटका

ओवरटन इस सीजन में चेन्नई के उन खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्होंने प्रभावशाली प्रदर्शन किया है। उन्होंने अपनी गेंद के साथ ही अपने बल्ले से भी उपयोगी परफॉर्मेंस दी है। अपने लाजवाब गेंदबाजी से उन्होंने अब तक 14 विकेट हासिल किए हैं। अंशुल कंबोज के बाद वह टीम के दूसरे सबसे सफल गेंदबाज हैं। लखनऊ के खिलाफ खेले गए पिछले मैच में ओवरटन ने धारदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटके थे। इस प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था।

टीम को अब अपना अगला मुकाबला फिर से लखनऊ के खिलाफ कल खेलना है। ऐसे में ओवरटन का बाहर होना टीम के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। बता दें कि चेन्नई की टीम इस आईपीएल की शुरुआत से लेकर अब तक अपने अहम खिलाड़ियों की चोट से जूझ रही है। टीम के पूर्व कप्तान और सबसे बड़े खिलाड़ी एमएस धोनी अभी तक चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं। नेथन ऐलिस और स्पेंसर जॉनसन भी चोट के चलते टीम से बाहर हो गए हैं। इनके अलावा आयुष म्हात्रे, खलील अहमद और तेज गेंदबाज रामकृष्ण घोष इंजरी की वजह से पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। इस तरह एक के बाद एक अपने अहम खिलाड़ियों के टूर्नामेंट से बाहर होने की वजह से टीम की प्लेऑफ में पहुंचने का रास्ता और मुश्किल होता जा रहा है।

Created On :   14 May 2026 5:39 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story