Shreyas Iyer Statement: न्यूजीलैंड में टी20 और वनडे सीरीज जीतने के बाद अय्यर की प्रतिक्रिया, दोनों में अलग परिस्थितियां रही

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। टीम इंडिया ने पांचवे व निर्णायक वनडे में न्यूजीलैंड को हराकर 3-1 से सीरीज अपने नाम कर ली। माउंट माउंगानुई में टॉस जीतकर न्यूजीलैंड ने पहले गेंदबाजी चुनी थी। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम 42.1 ओवर में 209 रन पर ऑलआउट हो गई। 210 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम 48.1 ओवर में 187 रन ही बना सकी। सीरीज जीतने के बाद भारतीय टीम के कप्तान की प्रतिक्रिया आई है।
प्रेजेंटेशन सेरेमनी में भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा, "हम बहुत खुश हैं। यहां आने पर हमें टी20 और वनडे दोनों सीरीज में अलग-अलग तरह की परिस्थितियां मिलीं। मौसम भी लगातार बदलता रहा। कई चुनौतियों का सामना करते हुए जीत हासिल करना, मेरे हिसाब से एक बड़ी उपलब्धि है। आज भले ही हम बल्लेबाजी में बहुत ज्यादा रन नहीं बना पाए, फिर भी हमें पूरा भरोसा था कि हम किसी भी समय मैच का रुख पलट सकते हैं। मुझे खुशी है कि टीम के हर खिलाड़ी की सोच एक जैसी थी और हम अपने प्लान को सही ढंग से लागू कर पाए।"
अय्यर ने आगे कहा, "अगर आप पूरी सीरीज को देखें, तो ये बल्लेबाजों के लिए आसान सीरीज नहीं थी। जिस तरह से हमारे गेंदबाजों ने गेंदबाजी की, उन्होंने मुश्किल समय में जिम्मेदारी उठाई। उन्हें पूरा भरोसा था कि चाहे हालात कैसे भी हों, वो टीम को जीत दिला सकते हैं। मुझे लगता है कि सभी खिलाड़ियों की यही सोच होनी चाहिए और हर खिलाड़ी में ऐसा ही जज्बा होना चाहिए। यह वाकई शानदार है।"
भारतीय टीम के कप्तान अय्यर ने भारतीय समर्थकों का भी धन्यवाद किया। उन्होंने कहा, “बिल्कुल, हमने देखा है कि फैंस बड़ी संख्या में आए हैं। नतीजों की परवाह किए बिना उन्होंने जिस तरह से समर्थन किया है, वो शानदार है। कभी चीजें हमारे पक्ष में रहीं, तो कभी न्यूजीलैंड के पक्ष में। वे दोनों टीमों का समर्थन कर रहे थे, जिसे देखकर बहुत अच्छा लगा। हमें इसी तरह के समर्थन की जरूरत है। हम जानते हैं कि हमें उनसे कितनी प्रेरणा मिलती है। इसी वजह से यहां आने वाले हर एक व्यक्ति को उनके प्यार और समर्थन के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद।”
Created On :  
