Duleep Trophy 2026: सेंट्रल जोन के खिलाफ मैच में मोहम्मद शमी ने रचा इतिहास, प्रोफेशनल क्रिकेट में पूरे किए 900 विकेट

डिजिटल डेस्क, भोपाल। टीम इंडिया से बाहर चल रहे सीनियर तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी फिलहाल दलीप ट्रॉफी में ईस्ट जोन की तरफ से खेल रहे हैं। सेंट्रल जोन के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में उन्होंने इतिहास रच दिया है। उन्होंने मैच के पहले दिन कुछ ऐसा किया जो अभी तक केवल 5 भारतीय गेंदबाज ही कर सके हैं।
सेमीफाइनल में ईस्ट जोन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। टीम की कप्तान 15 साल के वैभव सूर्यवंशी कर रहे हैं, क्योंकि दिन की शुरुआत में रेगुलर कप्तान ईशान किशन कलाई में चोट लगने की वजह से मैदान से बाहर चले गए। इसके बाद उनकी जगह वैभव ने टीम की कमान संभाली। सेंट्रल जोन की पूरी टीम पहले दिन केवल 266 रन पर सिमट गई। टीम के लिए रिंकू सिंह ने 62 और आर्यन जुयाल ने 46 रन की पारी खेली। वहीं ईस्ट जोन के लिए मुकेश कुमार और अभिजीत सरकार ने 3-3 विकेट लिए। मोहम्मद शमी और कुनैन कुरैशी के खाते में 2-2 सफलताएं आईं।
शमी ने रचा इतिहास
शमी ने दो विकेट झटके। उन्हें यश राठौड़ के रूप में अपना पहला विकेट मिला। इसके बाद उन्होंने अरशद खान को 1 रन के स्कोर पर आउट किया। इसके साथ ही शमी ने प्रोफेशनल क्रिकेट में अपने 900 विकेट पूरे कर लिए। वह फर्स्ट क्लास, लिस्ट-ए और टी20 को मिलाकर 900 या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले भारत के 5वें गेंदबाज बन गए।
35 साल के शमी के नाम फर्स्ट क्लास में 379, लिस्ट ए में 283 और टी20 में 280 विकेट हैं। उन्होंने भारत के लिए अभी तक 64 टेस्ट, 108 वनडे और 25 टी20 मैच खेले हैं। इनमें टेस्ट में उनके नाम 229, वनडे में 206 और टी20 में 27 विकेट हैं।
Created On :   30 Aug 2026 10:07 PM IST












