T20 WC 2026: श्रीलंका की हार से बढ़ीं पाकिस्तान की मुश्किलें, जीत के साथ न्यूजीलैंड की राह हुई आसान, जानें कैसे बदला सेमीफाइनल का समीकरण

डिजिटल डेस्क, भोपाल। टी20 वर्ल्डकप 2026 के सुपर-8 में बुधवार को श्रीलंका और न्यूजीलैंड के बीच मैच खेला गया। इस मैच को न्यूजीलैंड ने 61 रन से अपने नाम कर लिया। श्रीलंका हारकर वर्ल्डकप खिताब की रेस से बाहर हो गई। वहीं न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी दावेदारी को और मजबूत कर लिया। श्रीलंका की हार से एक और टीम मायूस होगी और वो है पाकिस्तान। क्योंकि न्यूजीलैंड की जीत से उसके सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को करारा झटका लगा है। आइए जानते हैं श्रीलंका-न्यूजीलैंड मैच के नतीजे के बाद कैसे बदला सेमीफाइनल का पूरा समीकरण...
पाकिस्तान की राह हुई मुश्किल
सुपर-8 के ग्रुप-2 में मौजूद पाकिस्तान को श्रीलंका की हार और न्यूजीलैंड की जीत से करारा झटका लगा है। पाकिस्तान को अगर सेमीफाइनल में आसानी से प्रवेश चाहिए था तो इसके लिए दोनों ही मैचों में न्यूजीलैंड टीम की जीत जरूरी थी। लेकिन न्यूजीलैंड टीम ने एक मैच जीत लिया है। इसके साथ ही पाकिस्तान की सेमी में पहुंचने की राह मुश्किल हो गई है।
श्रीलंका के बाहर होने के बाद अब ग्रुप-2 में न्यूजीलैंड और पाकिस्तान ही रह गए हैं, जिनके बीच सेमीफाइनल में पहुंचने की रेस है। इंग्लैंड पहले ही क्वालिफाई कर चुकी है। न्यूजीलैंड और पाकिस्तान ने तीन में से दो-दो मैच खेल लिए हैं। पहला मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया था, जिससे दोनों टीमों को 1-1 पाइंट मिला था। अभी की स्थिति में दो में से एक ड्रॉ और एक हार के साथ पाकिस्तान पॉइंट्स टेबल में एक अंक के साथ तीसरे स्थान पर है। वहीं एक ड्रॉ और एक जीत के साथ न्यूजीलैंड दूसरे स्थान पर है। उसके तीन अंक हैं।
ऐसे में यदि दोनों टीमें अपना आखिरी मैच जीत जाती हैं तो न्यूजीलैंड सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी। क्योंकि उसके 5 अंक हो जाएंगे। वहीं पाकिस्तान 3 अंकों के साथ एलिमिनेट हो जाएगी।
पाकिस्तान करेगा न्यूजीलैंड की हार की दुआ
यदि न्यूजीलैंड इंग्लैंड के खिलाफ होने वाला अपना तीसरा मैच हार जाती है और पाकिस्तान श्रीलंका के खिलाफ जीत दर्ज कर लेता है। तब दोनों के 3-3 पाइंट हो जाएंगे, ऐसे में फिर फैसला नेट रनरेट के आधार पर होगा। अब देखना होगा कि ग्रुप-2 से इंग्लैंड के अलावा कौन सी टीम सेमीफाइनल में प्रवेश कर पाती है।
Created On :   26 Feb 2026 12:50 AM IST














