क्रिकेट: बेटा बना क्रिकेट जगत का सुपरस्टार, पिता कर रहे हैं सिलेंडर डिलीवरी का काम

बेटा बना क्रिकेट जगत का सुपरस्टार, पिता कर रहे हैं सिलेंडर डिलीवरी का काम
  • रिंकू सिंह बने भारतीय क्रिकेट का सुपरस्टार
  • पिता कर रहे हैं सिलेंडर डिलीवरी का काम
  • देखिए सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। युवा बल्लेबाज रिंकू सिंह पिछले एक साल में भारतीय क्रिकेट के नए सुपरस्टार के रूप में उभरे हैं। रिंकू सिंह ने इंडियन प्रीमियर लीग के पिछले सीजन में धमाकेदार प्रदर्शन करके भारतीय टीम में एंट्री मारी थी। इसके बाद से ही वह क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में भारतीय टीम का अहम हिस्सा बन गए हैं। लेकिन भारतीय क्रिकेट टीम के युवा स्टार रिंकू सिंह के पिता आज भी गैस सिलेंडर डिलीवरी का काम करते हैं। इन दिनों ऐसा ही एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें रिंकू सिंह के पिता गैस सिलेंडर की डिलीवरी करते हुए नजर आ रहे हैं।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

दरअसल, एक दिन पहले इंस्टेंट बॉलीवुड ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है। इसमें रिंकू सिंह के पिता खानचंद्र सिंह गैस सिलेंडर डिलीवरी करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हुई है कि वीडियो में दिखाई दे रहा शख्स रिंकू सिंह के पिता ही हैं। लेकिन उसे देखकर तो ऐसा ही लग रहा है। इसके साथ ही कुछ दिनों पहले रिंकू ने भी एक इंटरव्यू के दौरान कहा था कि उन्होंने अपने पिता को गैस डिलीवरी करने के काम को छोड़ने के लिए कहा था। लेकिन उन्होंने रिंकू की बात नहीं मानी और आज भी यह काम करते हैं।

रिंकू सिंह भी करते थे पिता की मदद

गौरतलब है कि रिंकू सिंह ने कई अपने इंटरव्यूज में कहा है कि फुल टाइम क्रिकेट खेलने से पहले वह अपने पिता की गैस सिलेंडर डिलीवरी कराने में मदद करते थे। लेकिन फुल टाइम क्रिकेट खेलना शुरू करने के बाद उन्होंने बताया था, "मैंने पापा से कहा कि आप अब आराम कर सकते हैं। लेकिन वह अब भी सिलेंडर डिलीवर कर रहे हैं। वह अपने काम को पसंद करते हैं। मैं भी उनके काम को समझता हूं। अगर वह घर पर आराम करना शुरू करेंगे, वह तुरंत बोर हो जाएंगे। अगर कोई आदमी पूरी जिंदगी काम किया है तो उसको काम करने से रोकना मुश्किल है जब तक वह खुद ना चाहे।"

Created On :   27 Jan 2024 3:09 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story