महिला टी20 वर्ल्डकप 2026: मैच जीते लेकिन टेंशन में कप्तान..स्टार ऑलराउंडर की चोट ने बढ़ाईं टीम इंडिया की मुश्किलें

मैच जीते लेकिन टेंशन में कप्तान..स्टार ऑलराउंडर की चोट ने बढ़ाईं टीम इंडिया की मुश्किलें
नीदलैंड्स के खिलाफ खेले गए मैच में भारत की स्टार ऑलराउंडर श्रेयंका पाटिल गंभीर रूप से घायल हो गईं।

डिजिटल डेस्क, दिल्ली। इंग्लैंड की मेजबानी में खेले जा रहे महिला टी20 वर्ल्डकप में भारतीय टीम शानदार प्रदर्शन कर रही है। टीम अपने दोनों लीग मैच जीतकर ग्रुप-ए की टॉप टीम बनी हुई है। बुधवार को नीदरलैंड्स के खिलाफ मैच में भारतीय टीम ने 95 रन से एकतरफा जीत हासिल की। हालांकि इस दौरान टीम के लिए बुरी खबर भी आई। स्टार ऑलराउंडर श्रेयंका पाटिल फील्डिंग के दौरान बुरी तरह चोटिल हो गईं।

स्ट्रेचर पर ले जाया गया बाहर

मामला नीदरलैंड्स की पारी के 6वें ओवर का है, जब श्रेयंका मैच का अपना पहला ओवर करने आई थीं। इस ओवर की पहली ही गेंद पर फीबी मोल्केनबोर ने लेग साइड की तरफ शॉट खेला, जिसके बाद गेंद को पकड़ने के लिए श्रेयंका खुद ही दौड़ पड़ीं। गेंद को पकड़ने के दौरान उनका टखना बुरी तरह मुड़ गया।

इसके बाद फीजियो मैदान पर आया, लेकिन चोट इतनी गंभीर थी कि उनसे चला नहीं जा रहा था। तब उन्हें मैदान से बाहर ले जाने के लिए स्ट्रेचर बुलाना पड़ा। उनके स्थान पर ओवर की बची 5 गेंदों को शेफाली वर्मा ने डाला।

पूरे टूर्नामेंट से हो सकती हैं बाहर

श्रेयंका की चोट की गंभीरता को देखते हुए उनके पूरे टूर्नामेंट से बाहर होने का खतरा मंडराने लगा है। अगर ऐसा होता है तो टीम इंडिया के लिए यह बड़ा खतरा होगा, क्योंकि वो एक ऐसी खिलाड़ी हैं जो टीम के लिए गेंद और बल्ले दोनों से बड़ा योगदान दे सकती थीं। ऐसे में भारतीय टीम मैनेजमेंट के साथ फैंस भी उनके जल्द स्वस्थ होकर मैदान पर वापसी की दुआ कर रहे हैं।

BCCI ने क्या कहा?

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इस मामले पर कहा, "श्रेयंका पाटिल को फील्डिंग के दौरान चोट आई थी, जिसके बाद उन्हें स्ट्रेचर पर बाहर ले जाया गया। हम श्रेयंका के जल्दी ठीक होने की कामना करते हैं।"

बता दें कि श्रेयंका अपने अभी तक के करियर में कई बार चोटिल हुई हैं। खासकर बीते 2-3 साल में वह चोटों से काफी परेशान रही हैं। यूएई में खेले गए विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2024 के बाद श्रेयंका को दोनों पैरों की शिन (पिंडली की हड्डी) में समस्या हुई थी। वहीं, फील्डिंग के दौरान उनके बाएं अंगूठे में फ्रैक्चर हो गया था।

यह भी पढ़े -'जर्सी दोबारा पहनकर गर्व महसूस हो रहा', वनडे फॉर्मेट में अपनी शानदार वापसी पर बोले ईशान किशन

Created On :   18 Jun 2026 5:25 PM IST

Tags

Next Story