Suryakumar Yadav News: अब कभी नहीं होगी टीम इंडिया में वापसी! BCCI के सिलेक्शन प्लान का हिस्सा नहीं सूर्यकुमार यादव, टी-20 वर्ल्ड कप के बाद से चल रहे बाहर

डिजिटल डेस्क, मुंबई। टीम इंडिया में पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव की वापसी होना अब मुश्किल दिखाई दे रहा है। वह टी20 वर्ल्डकप 2026 से ही टीम से बाहर चल रहे हैं। न्यूज एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, सूर्यकुमार यादव अब बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड) के सिलेक्शन प्लान का हिस्सा नहीं हैं। इसका कारण उनका लंबे समय से टीम इंडिया बाहर होना बताया जा रहा है।
रिपोर्ट में बीसीसीआई के एक सूत्र के हवाले से कहा गया है कि जब टीम में यशस्वी जायसवाल जैसे खिलाड़ी जगह नहीं बना पा रहे हैं तो फिर सूर्यकुमार यादव को कैसे सिलेक्ट किया जा सकता है। घरेलू क्रिकेट (सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026) में अच्छे प्रदर्शन के बाद भी टीम कॉम्बिनेशन में उनकी जगह फिट नहीं हो रही है।
मार्च में खेला था आखिरी मैच
सूर्यकुमार यादव ने अपना आखिरी इंटरनेशनल मुकाबला इसी साल फरवरी-मार्च में खेले गए टी-20 वर्ल्डकप में खेला था। यह मैच न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला गया खिताबी मुकाबला था। इसके बाद श्रेयस अय्यर को उनकी जगह टीम की कमान सौंपी गई थी।
यह भी पढ़े -क्रिकेटर सिराज के चयन पर सियासत तेज, UP कांग्रेस प्रभारी गौतम ने उठाया भेदभाव का मुद्दा, बीजेपी ने किया पलटवार
SMAT में कर रहे शानदार प्रदर्शन
सूर्यकुमार यादव इस समय सबसे बड़े घरेलू टी20 टूर्नामेंट सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT) में मुंबई टीम की कमान संभाल रहे हैं। अब उन्होंने टूर्नामेंट में कई अच्छी पारियां खेली हैं। उन्होंने 14 नवंबर को हैदराबाद के खिलाफ 21 गेंदों पर नाबाद 60 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने 6 चौके व 5 छक्के जड़े थे। उन्होंने अपनी फिफ्टी केवल 15 गेंदों पर पूरी की थी। इसके बाद उन्होंने गुजरात के खिलाफ 29 गेंदों पर 82 रन बनाए थे। इस पारी में सूर्यकुमार यादव ने केवल 29 गेंदों का सामना किया था और 9 चौके व 7 छक्के जड़े थे।
Created On :  


