UP News: आजमगढ़ में 3 हत्याओं के बाद घर में बंद हुआ आरोपी, 3 बच्चों के अंदर होने की खबर, गांव में अधिकारियों समेत भारी संख्या में पुलिस बल तैनात

आजमगढ़ में 3 हत्याओं के बाद घर में बंद हुआ आरोपी, 3 बच्चों के अंदर होने की खबर, गांव में अधिकारियों समेत भारी संख्या में पुलिस बल तैनात
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गांव में आरोपी ने दो पुजारियों और अपनी पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद उसने बच्चों को घर में बंधक बना लिया है।

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गांव में आरोपी ने दो पुजारियों और अपनी पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद उसने बच्चों को घर में बंधक बना लिया है। उम्मीद है कि घर के भीतर तीन बच्चों को बंद कर रखा है। मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने अपने ही बच्चों को घर के अंदर बंद कर लिया है। यह भी बताया जा रहा है कि आरोपी के पास दो लाइसेंसी असलहे हैं और इन दोनों हथियारों के साथ वह घर के भीतर मौजूद है।

10 साल से कम उम्र के बच्चें

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, घर के अंदर तीन बच्चे बताए जा रहे हैं। इनमें करीब 10 साल और 7 साल के दो बच्चे हैं। इनके अलावा एक करीब 6 महीने का बच्चा बताया जा रहा है। आरोपी के पास हथियार और बच्चों के भीतर बंद होने की वजह से पुलिस बेहद सतर्कता से स्थिति को संभाल रही है। पुलिस अब आगे किसी प्रकार की अनहोनी नहीं चाहती है।

आरोपी हथियारों के साथ घर के अंदर मौजूद है। इसके बाद पुलिस की टीमें मौके पर मौजूद हैं। कोई अनहोनी न हो, इसके लिए पुलिस इस मामले को निपटने के लिए बातचीत का रास्ता अपना रही है, ताकि बच्चों को सुरक्षित घर से बाहर निकाल सके। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले पर बारीकी से नजर बनाए हुए है।

बेहद सावधानी से काम कर रही पुलिस

रिपोर्टों के मुताबिक, इस घटनाक्रम से पहले शंभूपुर गांव में पूजा के दौरान विवाद हुआ था। इसके बाद गोलियां चलने का मामला सामने आया था, जिसमें दो पुजारियों और आरोपी की पत्नी के मारे जाने की खबर मिली है। इसके बाद आरोपी ने खुद को बच्चों के साथ घर में बंद कर लिया। मामले की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए पुलिस बेहद सावधानी से आगे कोई कदम उठा रही है।

पुलिस ने घटना पर क्या कहा?

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि थाना अहरौला क्षेत्र के शंभूपुर गांव में मंगलवार शाम को जानकारी मिली थी कि एक व्यक्ति ने अपने घर के अंदर तीन लोगों को गोली मार दी है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस टीम तत्काल पहुंच गई। उन्होंने शुरुआती जानकारी के मुताबिक बताया कि एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और दो अन्य लोगों को गोली मार दी है। आरोपी ने इस घटना को लाइसेंसी असलहे से अंजाम दिया, जिसमें तीनों लोगों की मौत हो गई।

उन्होंने आगे बताया कि फिलहाल क्षेत्र में कानून-व्यवस्था कंट्रोल में है। घटनास्थल पर वरिष्ठ अधिकारी, फील्ड यूनिट, एसओजी और अन्य पुलिस टीमें मौजूद हैं। साथ ही आरोपी के बच्चों समेत अंदर होने की बात कही है।

Created On :   23 Sept 2026 12:05 AM IST

Tags

Next Story