Sankashti Chaturthi: हर महीने की गणेश चतुर्थी पर करें ये खास उपाय, समस्याएं होंगी दूर

हर महीने की गणेश चतुर्थी पर करें ये खास उपाय, समस्याएं होंगी दूर
हर महीने की कृष्ण और शुक्ल पक्ष में ये चतुर्थी तिथि आती है। चतुर्थी तिथि पर रात्रि में चंद्रमा को अर्घ्य देने से भगवान गणेश प्रसन्न होते हैं।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। हिन्दू धर्म में भगवान श्रीगणेश को प्रथम पूज्य कहा गया है। यानि कि कोई भी शुभ कार्य हो बप्पा की पूजा सबसे पहले की जाती है। वैसे तो गणपति जी की आराधना के लिए बुधवार का दिन बेहद शुभ माना गया है। लेकिन, इसके अलावा हर महीने की चतुर्थी को व्रत रखने के साथ ही उनकी विशेष पूजा की जाती है।

हर महीने की कृष्ण और शुक्ल पक्ष में ये चतुर्थी तिथि आती है। ऐसा कहा जाता है कि, चतुर्थी तिथि पर रात्रि में चंद्रमा को अर्घ्य देने से भगवान गणेश प्रसन्न होते हैं। इसके अलावा इस दिन किए गए उपाय विशेष फलदायी माने जाते हैं। आइए जानते हैं कुछ ऐसे ही उपायों के बारे में, जो आप चतुर्थी तिथि पर कर सकते हैं...

आर्थिक तंगी दूर करने का उपाय

यदि आप नौकरी या उद्योग में लगातार मेहनत कर रहे हैं और बावजूद इसके आपको आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ता है तो आप गणेश चतुर्थी के दिन एक आसान उपाय कर सकते हैं। आप इस दिन भगवान गणेश को हल्दी और गुड़ का भोग लगाएं। यह उपाय आर्थिक तंगी और रुके हुए कामों में गति प्रदान करता है।

शीघ्र विवाह करने का उपाय

यदि आप विवाह करना चाहते हैं और किसी ना किसी वजह से आपके विवाह में रुकावट आ रही हैं तो आप गणेश चतुर्थी के दिन 'ॐ ग्लौम गणपतयै नमः' की 11 माला जपें तथा गणेश स्तोत्र का पाठ करें। इसके साथ ही भगवान गणेश को मोदक का भोग लगाएं। ऐसा करने से आपकी इस समस्या का हल हो सकता है।

मानसिक शांति का उपाय

कई बार व्यक्ति मानसिक रूप से इतना थक जाता है कि किसी कार्य में उसका मन ही नहीं लगता। साथ ही वह धीरे- धीरे रोगों की गिरफ्त में भी आने लगता है ऐसे में आप गणेश चतुर्थी पर पूजा के बाद चंद्रमा को अर्ध्य दें। ऐसा करने से सही निर्णय लेने की क्षमता बढ़ती है और मानसिक शांति भी मिलती है।

डिसक्लेमरः इस आलेख में दी गई जानकारी अलग अलग किताब और अध्ययन के आधार पर दी गई है। bhaskarhindi.com यह दावा नहीं करता कि ये जानकारी पूरी तरह सही है। पूरी और सही जानकारी के लिए संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ (ज्योतिष/वास्तुशास्त्री/ अन्य एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें।

Created On :   8 April 2026 11:11 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story