Sheetala Saptami 2025: शीतला सप्तमी पर इस विधि से करें पूजा, जानिए इस दिन का महत्व और मुहूर्त

- यह व्रत 15 अगस्त 2025, शुक्रवार के दिन रखा गया है
- व्रत स्वास्थ्य की देवी माता शीतला के लिए समर्पित है
- मां शीतला को मां दुर्गा का ही अवतार माना जाता है
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। हिंदू धर्म में शीतला सप्तमी (Sheetala Saptami) के व्रत का काफी महत्व बताया गया है, जो कि हर महीने की कृष्ण पक्ष की सप्तमी तिथि को रखा जाता है। फिलहाल, भाद्रपद माह चल रहा है और यह व्रत 15 अगस्त 2025, शुक्रवार के दिन रखा गया है। यह शीतलता और स्वास्थ्य की देवी माता शीतला की पूजा के लिए समर्पित है। मां शीतला को मां दुर्गा का ही अवतार माना जाता है। माना जाता है कि शीतला सप्तमी पर शीतला मां की विशेष पूजा करने से रोगों से मुक्ति मिलने के साथ और उत्तम स्वास्थ्य की प्राप्ति होती है।
स्कंद पुराण के अनुसार, माता शीतला रोगों से बचाने वाली देवी हैं। माता शीतला अपने हाथों में कलश, सूप, झाड़ू और नीम के पत्ते धारण किए हुए रहती हैं और गधे की सवारी करती हैं। ऐसे में शीतला सप्तमी के दिन जातक व्रत रखने के साथ ही मां की आराधना करते हैं। इस दिन परिवार का कोई भी सदस्य गरम भोजन ग्रहण नहीं करते हैं।
तिथि कब से कब तक
सप्तमी तिथि आरंभ: 15 अगस्त 2025, शुक्रवार की 2 बजकर 07 मिनट (AM) से
सप्तमी तिथि समापन: 15 अगस्त 2025, शुक्रवार की रात 11 बजकर 49 मिनट तक
पूजा विधि
- पूजा के दौरान एक थाली में दही, रोटी, बाजरा, सप्त्मी को बने मीठे चावल, नमक पार और मठरी रखें।
- इसके अलावा दूसरी थाली में आटे से बना दीपक, रोली, वस्त्र, अक्षत, हल्दी, मोली, सिक्के और मेहंदी रखें। साथ ही लोटे में ठंडा पानी रखें।
- शीतला माता की पूजा करें और दीपक को बिना जलाए ही मंदिर में रखें।
- पूजा के दौरान मेहंदी और कलावा सहित सभी सामग्री माता को अर्पित करें।
- अंत में जल चढ़ाएं और थोड़ा जल बचाएं। इसे घर के सभी सदय आंखों पर लगाएं और थोड़ा जल घर के हर हिस्से में छिड़कें।
- अगर पूजन सामग्री बच जाए तो ब्राम्हण को दान करें।
डिसक्लेमरः इस आलेख में दी गई जानकारी अलग अलग किताब और अध्ययन के आधार पर दी गई है। bhaskarhindi.com यह दावा नहीं करता कि ये जानकारी पूरी तरह सही है। पूरी और सही जानकारी के लिए संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ (ज्योतिष/वास्तुशास्त्री/ अन्य एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें।
Created On :   15 Aug 2025 2:50 PM IST