MPBSE Application Date Extension: एमपी सेकंड बोर्ड की परीक्षा के लिए आवेदन तारीख बढ़ी आगे, जानें अब कब तक कर सकते हैं आवेदन?

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (एमपीबीएसई) की सेकंड बोर्ड परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया की लास्ट डेट 22 अप्रैल थी लेकिन अब ये बढ़ाकर 26 अप्रैल कर दी गई है। बोर्ड ने 15 अप्रैल से अपना रजिस्ट्रेशन प्रोसेस शुरू किया था। उस दिन ही मुख्य परीक्षा परिणाम की घोषणा भी की गई थी। 10वीं और 12वीं की सेकंड बोर्ड परीक्षा 7 मई 2026 से शुरू होने वाली हैं और 25 मई तक चलेंगी। इस दौरान 10वीं की परीक्षा 19 मई तक चलेंगी और 12वीं के एग्जाम्स 25 मई को खत्म होंगे। सेकंड एग्जाम का समय 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक रहेगा।
कौन दे सकता है सेकंड एग्जाम?
बता दें, जो स्टूडेंट्स अपने मार्क्स से खुश नहीं, जो फेल हुए या अनुपस्थित रहे छात्र अपने सेकंड बोर्ड एग्जाम्स दे सकते हैं। इसके लिए उनको सबसे पहले एमपी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट (mpbse.nic.in) पर जाकर आवेदन करना होगा। इसके बाद स्टूडेंट्स को सलाह दी जाती है कि वे बोर्ड की अधिसूचना को जरूर पढ़ें।
इस साल कैसा रहा रिजल्ट?
मध्य प्रदेश बोर्ड कक्षा 10वीं और 12वीं की मुख्य परीक्षा का रिजल्ट 15 अप्रैल 2026 को जारी किया गया है। इस साल 10वीं कक्षा में 73.42 प्रतिशत और 12वीं में 76.01 प्रतिशत बच्चे पास हुए हैं। इस बार फिर से लड़कियों ने बाजी मारी है। 12वीं में कुल 79.41 प्रतिशत लड़कियां पास हुई थीं, जबकि 10वीं में 77.52 प्रतिशत छात्राएं पास हुई थीं। वहीं, सेकंड बोर्ड एग्जाम में जो स्टूडेंट उपस्थित होने वाले हैं उनको इस बात का ध्यान रखना होगा कि पास होने के लिए मुख्य बोर्ड परीक्षा की तरह ही मिनिमम 33 प्रतिशत नंबर लाने जरूरी हैं।
Created On :   23 April 2026 3:47 PM IST












