हॉस्टल हैं या कैदखाने: रादुविवि की छात्राओं ने घेरा कुलगुरु कक्ष

रादुविवि की छात्राओं ने घेरा कुलगुरु कक्ष
कहा- छात्रावास में नरक जैसा जीवन जी रहीं हैं छात्राएं खिड़की-दरवाजे टूटे

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। रादुविवि की छात्रावासी छात्राओं ने मंगलवार को कुलगुरु कार्यालय का घेराव कर दिया। छात्राओं का कहना था कि वे हॉस्टल में नरक जैसे माहौल में रहने मजबूर हैं। खिड़की-दरवाजे टूटे हुए हैं, छत से प्लास्टर गिर रहा है और गटर की बदबू किचन तक आती है। प्रबंधन ने आनन-फानन में निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं के निर्देश दिए।

रादुविवि के कस्तूरबा महिला छात्रावास में रहने वाली छात्राएं विद्यार्थी परिषद की छात्राओं के साथ एकत्र होकर कुलगुरु कार्यालय पहुंच गईं। उन्होंने प्रशासन को छात्रावास का हाल खुद चलकर देखने का आह्वान किया, छात्राओं ने आरोप लगाया कि छात्रावास में सुरक्षा और साफ-सफाई की व्यवस्था बेहद लचर है। शिकायत के आधार पर प्रभारी कुलगुरु और अन्य अधिकारियों ने निरीक्षण किया तो चौंक गए।

पूरे परिसर में गंदगी का अंबार था, खिड़की-दरवाजे टूटे थे, भवन जर्जर था, इतना ही नहीं नालियां पूरी तरह से गंदगी से चोक थीं। निरीक्षण के बाद प्रभारी कुलगुरु प्रो. राकेश बाजपेयी, कुलसचिव रविशंकर सोनवाल ने कहा कि जल्द ही व्यवस्थाएं की जाएंगी। प्रदर्शन करने वाली छात्राओं में प्रभारी विभाग छात्रा प्रमुख तृषा पांडे, साक्षी बोहरे, पश्चिम जिला विस्तार, आर्या राजे सिंह मौजूद रहीं।

हॉस्टल के छात्रों को सुविधा देने की मांग

उधर, महाकौशल विधि छात्र संघ अध्यक्ष अंकुश चौधरी ने जबलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्रावासी छात्रों की समस्या को उठाते हुए कहा कि हॉस्टल क्रमांक 8 में व्याप्त समस्याओं से छात्र परेशान हो रहे हैं। पिछले आठ महीने से हॉस्टल में पानी की नियमित आपूर्ति नहीं हो पा रही है।

कमरों में पंखों का अभाव है। प्राचार्य राजीव चांडक को ज्ञापन सौंपकर जल्द ही समस्याएं दूर करने की मांग की गई। इस मौके पर मोहित प्यासी, राहुल अगरिया, देवेंद्र खरे, रोहित गुप्ता, अनुज सोनकर, दिनेश कुशवाहा आदि उपस्थित रहे।

Created On :   22 April 2026 6:07 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story