Jabalpur News: दूसरे दिन भी बंद रहा सेंट्रल जेल मार्ग

दूसरे दिन भी बंद रहा सेंट्रल जेल मार्ग
खुलवाने निगम ने भेजा पत्र, महापौर ने कहा- नागरिकों को न हो परेशानी

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। अमृत-2 योजना के अंतर्गत पाइप लाइन बिछाने हेतु कांचघर-इंदिरा मार्केट रोड एक महीने से बंद है। इसके कारण रांझी, कांचघर, चुंगी चौकी और खमरिया क्षेत्र के नागरिक सेंट्रल जेल के छोेटे रास्ते का उपयोग कर रहे थे। सेंट्रल जेल प्रशासन ने दो दिन से उस छोटे रास्ते को भी बंद कर दिया।

इससे लोगों को 4 किलोमीटर घूमकर ललित कॉलोनी रोड से आना-जाना पड़ रहा था। मंगलवार को महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने मौके का निरीक्षण कर कहा कि आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके बाद नगर निगम ने रास्ता खुलवाने के लिए सेंट्रल जेल प्रशासन को पत्र भेज दिया है। महापौर ने कहा कि सेंट्रल जेल का रास्ता बंद होने से नागरिकों को आवागमन में परेशानी हो रही थी।

इस संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जेल प्रशासन को पत्र भेजकर जल्द रास्ता खुलवाए। इसके साथ ही अधिकारियों और ठेकेदारों को तेज गति से काम करने के लिए भी कहा गया है, ताकि जल्द से जल्द मुख्य मार्ग को खोला जा सके। सड़क की खुदाई के बाद जल्द ही री-स्टोरेशन का काम कराया जाए, जिससे लोगों को धूल से राहत मिल सके।

महापौर ने कहा कि 312 करोड़ की लागत से ललपुर से रांझी जल शोधन संयंत्र तक पाइप लाइन बिछाने का काम किया जा रहा है। इससे आने वाले एक साल के भीतर तीन लाख घरों में शुद्ध नर्मदा जल पहुंचाया जाएगा।

नगर निगम की ओर से सेंट्रल जेल मार्ग को खुलवाने के लिए पत्र भेज दिया गया है। इस संबंध में जेल प्रशासन के अधिकारियों से बातचीत भी की जा रही है।

-राजेश खम्परिया, सहायक यंत्री, नगर निगम

Created On :   22 April 2026 6:43 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story