Jabalpur News: लोकायुक्त ने 11 बार रादुविवि के कर्मचारी संघ अध्यक्ष रहने वाले की जानकारी मांगी

लोकायुक्त ने 11 बार रादुविवि के कर्मचारी संघ अध्यक्ष रहने वाले की जानकारी मांगी
दैवेभो से लेकर नियमित होने तक कितना वेतन मिला, विवि को देनी होगी जानकारी

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में अब एक कर्मचारी नेता के लोकायुक्त जांच संबंधी एक प्रकरण से हड़कम्प मचा हुआ है। लोकायुक्त पुलिस ने विवि के रजिस्ट्रार को लिखे पत्र में उल्लेख किया है कि विवि द्वारा पूर्व में भेजी गई जानकारी त्रुटिपूर्ण है। नए सिरे से और प्रेषित किए जा रहे पत्र के अनुसार ही जानकारी दोबारा भेजी जाए। मामला विश्वविद्यालय के शैक्षणेत्तर कर्मचारी संघ के 11 बार अध्यक्ष रहे कर्मचारी वंशबहोर पटेल से जुड़ा है। बताया जाता है कि पटेल की लोकायुक्त में वर्ष 2024 में शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसमें आय से अधिक सम्पत्ति जुटाने का आरोप लगाया गया था।

यही वजह है कि पुलिस अधीक्षक, विशेष पुलिस स्थापना, लोकायुक्त संगठन ने रादुविवि प्रशासन को पत्र लिखकर वंशबहोर पटेल के वेतन आदि की जानकारी मांगी थी। इस पर विवि की ओर से मार्च 2025 में जानकारी प्रेषित की गई थी, लेकिन जानकारी को त्रुटिपूर्ण बताते हुए पिछले दिनों लोकायुक्त ने विवि प्रबंधन को एक पत्र जारी किया है, जिसमें कहा गया है कि आपके द्वारा अनावेदक वंशबहोर पटेल के सकल वेतन संबंधी जानकारी प्रेषित की गई है जो कि त्रुटिपूर्ण है।

अनावेदक के वर्ष 1985 से दैनिक वेतन भोगी के पद पर कार्यरत होने तथा वर्ष 1994 में नियमितीकरण की जानकारी प्राप्त है। इसलिए वर्ष 1985 से सितम्बर 1994 तक दैनिक वेतन भोगी के पद पर प्राप्त वेतन का वर्षवार आकलन कर और शासकीय सेवा में आने की दिनांक सितम्बर 1994 से 31 मार्च 1995 तक की जानकारी भेजी जाए।

विश्वविद्यालय ने सही जानकारी क्यों नहीं भेजी

लाेकायुक्त संगठन द्वारा मांगी गई जानकारी में भी गलती की गई, इस पर खुद विवि के कर्मचारी और अधिकारियों का कहना है कि ऐसा करना गलत है। लोकायुक्त के पत्र में इस बात का भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी द्वारा यदि इस दौरान जीपीएफ पार्ट फाइनल आदि का आहरण किया गया है, तो उसकी जानकारी भी पृथक से दी जाए।

Created On :   22 April 2026 6:11 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story