- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- रेल कर्मियों की लापरवाही, यात्री...
Jabalpur News: रेल कर्मियों की लापरवाही, यात्री गर्मी में हुए परेशान यूनियन के लिए कोच जोड़ने 40 मिनट खड़ी रही ट्रेन

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। मुख्य रेलवे स्टेशन से निजामुद्दीन सुपर फास्ट ट्रेन से यात्रा करने वाले यात्री 40 मिनट तक गर्मी और उमस में परेशान होते रहे लेकिन ट्रेन खड़ी रही। रेलवे कर्मचारियों की लापरवाही का खामियाजा स्टेशन में आम जनता को भुगतना पड़ा। ट्रेन के एक-एक मिनट लेट होने पर कर्मचारियों से जवाब मांगने वाला रेलवे विभाग अपने ही विभाग के कर्मचारियों को रैली में भेजने के लिए और एक एक्स्ट्रा कोच जोड़ने के लिए ट्रेन को लेट करता रहा।
जानकारी के अनुसार 22 अप्रैल को नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन (एआईआरएफ) द्वारा ट्रैक मेंटेनर्स का राष्ट्रीय अधिवेशन आयोजित किया गया है। इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए पश्चिम मध्य रेलवे कर्मचारी यूनियन के नेतृत्व में सैकड़ों ट्रैकमैन को दिल्ली रवाना होना था। मंगलवार को जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन (22181) सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन अपने निर्धारित समय पर प्लेटफाॅर्म नंबर 6 पर पहुंच गई थी।
यात्री भी ट्रेन के तय समय सवा 3 बजे छूटने से पहले ही पहुंच गये थे लेकिन ट्रेन रवाना ही नहीं हुई। काफी देर तक ट्रेन के खड़े रहने पर हो हल्ला हुआ लेकिन ट्रेन को रवाना नहीं किया गया। बताया गया है कि ट्रेन में रैली में जाने वालों के लिए एक अतिरिक्त कोच जोड़ा जाना था लेकिन हैरानी की बात यह रही कि जब ट्रेन का रैक प्लेटफॉर्म पर पहुंच गया, तब तक संबंधित विभाग को कोच जोड़ने की याद ही नहीं आई। आनन-फानन में कोच बदलने और जोड़ने की प्रक्रिया शुरू की गई। इसके बाद ट्रेन अपने निर्धारित समय से लगभग 40 मिनट की देरी से लगभग 3:54 बजे रवाना हो सकी।
तकनीकी समस्या बताकर की गई देरी
गर्मी और उमस से परेशान यात्रियों ने जब अधिकारियों-कर्मचारियों से ट्रेन के लेट होने का कारण पूछा तो वे इसे तकनीकी कारण बताते रहे। वहीं जब रेलवे अधिकारियों से इस संबंध में बात की गई तो कोई जवाब नहीं मिला। परिचालन विभाग के कर्मियों का कहना था कि उन्हें ट्रेन के छूटने के समय पर अप्रूवल मिला जिसके कारण शंटिंग और कोच जोड़ने में वक्त लगा। ट्रेन की लेटलतीफी पर यात्रियों ने भी नाराजगी जताई।
Created On :   22 April 2026 6:23 PM IST











