- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- माइनिंग कार्रवाई के दौरान युवक की...
Jabalpur News: माइनिंग कार्रवाई के दौरान युवक की मौत का मामला, शव रखकर चकाजाम, प्रदर्शन

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। बरेला थाना क्षेत्र में नर्मदा नदी के खिरैनी जमतरा घाट पर सोमवार को माइनिंग कार्रवाई के दौरान एक युवक आकाश बर्मन की नर्मदा में डूबने मौत हो गई थी। इससे आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने मंगलवार को एकता चौक के पास शव रखकर चकाजाम प्रदर्शन किया।
उनका आरोप था कि एसडीएम ने अवैध रेत ले जाने वाले हाइवा व डम्परों को छूट दे रखी है और दिखावे लिए आसपास के गांव वालों के खिलाफ कार्रवाई करना गलत है। इस दौरान पुलिस अधिकारियों द्वारा कार्रवाई का आश्वासन देने व परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान करने पर मामला शांत हुआ।
शव लेकर पहुंचे एकता मार्केट- मंगलवार को पीएम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। परिजन व ग्रामीण शव लेकर सीधे गौर स्थित एकता मार्केट के पास पहुंचे और मानव शृंखला बनाकर चकाजाम शुरू कर दिया। चकाजाम में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं। प्रदर्शन के चलते सड़क के दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई।
इस दौरान पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों से चर्चा कर रेड क्राॅस की तरफ से 1 लाख की राहत राशि प्रदान की। वहीं मुुख्यमंत्री सहायता कोष व आरबीसी मद से आर्थिक मदद दिलाए जाने की बात भी कही, उसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता सम्मति सैनी और भारतीय किसान यूनियन के अरविंद तिवारी आदि ने एसडीएम पर ठेकेदारों से साठगांठ होने के आरोप लगाए। उनका कहना था कि हाइवा और डम्परों को नहीं पकड़ा जाता और खानापूर्ति के लिए ग्रामीणों काे निशाना बनाया जाता है।
Created On :   22 April 2026 6:57 PM IST











