Jabalpur News: कई बार चेतावनी इसके बाद भी असर नहीं, अब प्रशासन की सख्ती से हड़कंप

कई बार चेतावनी इसके बाद भी असर नहीं, अब प्रशासन की सख्ती से हड़कंप
  • दीनदयाल चौक पर बेतरतीब ढंग से खड़ी विभिन्न ट्रैवल्स यात्री बसों को जल्द छोड़ने के मूड में नहीं आरटीओ व यातायात पुलिस के जिम्मेदार
  • आगे भी जारी रहेगी कड़ी कार्रवाई

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। दीनदयाल चौक पर यात्री बसों को खड़ा कर उनमें आम सवारियों को बैठाने वाले ऑपरेटर्स के खिलाफ यातायात पुलिस, आरटीओ, नगर निगम एवं जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने सोमवार की शाम जब्ती संबंधी कार्रवाई की थी। इन 5 यात्री बसों को आरटीओ ऑफिस करमेता में खड़ा कर दिया गया था।

अचानक हुई इस कार्रवाई से जहां चौराहे पर हड़कंप मच गया था, तो वहीं दूसरे दिन भी ये वाहन जस के तस यूं ही खड़े रहे। यातायात पुलिस और आरटीओ के जिम्मेदारों का कहना है कि कई बार चेतावनी देने के बावजूद संबंधित बस ऑपरेटर्स ने निर्देशों का पालन नहीं किया। इसी के चलते उनके खिलाफ यह कार्रवाई करनी पड़ी।

इन 5 ट्रैवल्स बसों को किया था जब्त

संयुक्त टीम द्वारा अभियान चलाकर दीनदयाल चौक से जो 5 ट्रैवल्स बसें जब्त की गई थीं, इनमें संजय ट्रैवल्स, मां अम्बे ट्रैवल्स, न्यू लोक सेवा बस सर्विस, तरण नारायण बस कंपनी (कटंगी) एवं केजीएन बस ट्रैवल्स (बरगी) की बस क्रमांक एमपी-20 जेडएफ 9111, एमपी-20 जेडडब्ल्यू 1917, एमपी 20 पीए 1628, एमपी 04 पीए 2863, एमपी 20 जेडएच 9500 और बस क्रमांक एमपी-34 पी 4205 शामिल हैं। इनके अलावा सुहास ट्रैवल्स की बस क्रमांक एमपी 20 जेडएच 9500 को बारात परमिट होने पर छोड़ दिया गया था।

दिनभर चक्कर काटते रहे बस ऑपरेटर्स

आरटीओ ऑफिस में जब्त बसों को छुड़ाने के लिए मंगलवार को दिनभर बस ऑपरेटर्स यहां का चक्कर लगाते रहे। इस दौरान वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर उन्होंने शादी के सीजन में इस तरह की कार्रवाई करने का विरोध भी किया।

इसके बावजूद उनकी एक नहीं सुनी गई और खाली हाथ वापस लौटा दिया गया। वहीं यातायात पुलिस के डीएसपी संतोष कुमार शुक्ला का कहना था कि सड़कों पर कहीं पर भी जाम न लगे इसके लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। आगे भी जहां कहीं भी यात्री बसें खड़ी दिखाई देंगी, उनके खिलाफ चालानी कार्रवाई जरूर की जाएगी।

समझाइश का कोई असर नहीं

इस संबंध में आरटीओ रिंकू शर्मा का कहना है कि पिछले कई दिनों से बस ऑपरेटर्स को जिला प्रशासन द्वारा लगातार निर्देश दिए जा रहे थे। इसके तहत सभी बसों को आईएसबीटी एवं निर्धारित बस स्टॉप पर ही खड़े करने कहा गया था। इसके अलावा अन्यत्र कहीं पर भी बस ऑपरेटर्स को वाहन खड़ा नहीं करने के लिए कहने पर कोई विशेष असर नहीं पड़ा।

इसलिए इनको जब्त करने संबंधी कार्रवाई की गई। उनके अनुसार जब तक बस ऑपरेटर्स अपनी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं करते, तब तक यह कार्रवाई यूं ही लगातार जारी रहेगी। वहीं जब्त हुई बसों को सभी कानूनी कार्रवाई पूरी होने के बाद ही छोड़ा जाएगा।

Created On :   22 April 2026 5:48 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story