Jabalpur News: बस्ती के बीच अगरबत्ती का ऐसा कारखाना जहां फायर ब्रिगेड का पहुंचना भी मुश्किल

बस्ती के बीच अगरबत्ती का ऐसा कारखाना जहां फायर ब्रिगेड का पहुंचना भी मुश्किल
गोरखपुर स्थित ककरैया तलैया के हाल, शिकायत के बाद भी नहीं हो रही कार्रवाई

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। गोरखपुर स्थित ककरैया तलैया की घनी बस्ती के बीच अगरबत्ती का कारखाना चल रहा है। यहां की गलियां इतनी संकरी हैं कि यदि आग लग जाए तो फायर ब्रिगेड का पहुंचना भी मुश्किल है। इससे पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है। अगरबत्ती कारखाने को घनी बस्ती से बाहर करने के लिए क्षेत्रीय नागरिक कई बार शिकायत कर चुके हैं। इसके बाद भी कार्रवाई नहीं की जा रही।

क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि ककरैया तलैया घनी बस्ती वाला क्षेत्र है। यहां पर लंबे समय से अगरबत्ती बनाने का कारखाना चलाया जा रहा है। यहां पर जरा सी चूक भी बड़े अग्नि हादसे का कारण बन सकती है। जिस जगह पर कारखाना चल रहा है, वहां की गलियां इतनी संकरी हैं कि फायर ब्रिगेड तक यहां पहुंच नहीं सकती। यदि यहां पर आग लग जाए तो आसपास के मकान भी आग की चपेट में आ जाएंगे। इससे बड़े पैमाने पर नुकसान होगा।

खतरे में है नागरिकों की सुरक्षा

अगरबत्ती के कारखाने की वजह से ककरैया तलैया क्षेत्र में रहने वाले नागरिकों की सुरक्षा खतरे में है। मामूली चिंगारी भी यहां पर कहर बरपा सकती है। इससे नागरिक दहशत में हैं।

बिना अनुमति चलाया जा रहा कारखाना

नागरिकों का कहना है कि ककरैया तलैया में कारखाना चलाने के लिए नगर निगम से अनुमति नहीं ली गई है। अवैध रूप से चल रहे कारखाने में अग्नि सुरक्षा के भी इंतजाम नहीं हैं। कारखाने में अगरबत्ती बनाने के काम में आने वाली ज्वलनशील सामग्रियों का स्टॉक है। आग पर तत्काल काबू पाने के लिए कारखाने में अग्निशमन यंत्र, पानी और रेत तक नहीं है। इसके बाद भी नगर निगम के अधिकारी कारखाने को घनी बस्ती से बाहर नहीं कर रहे हैं।

जागरूक बनें, इस नंबर पर दे सकते हैं जानकारी

यदि आपकी दुकान या घर के आसपास ज्वलनशील सामग्रियों के गोदाम का संचालन किया जा रहा है, तो आप जागरूक नागरिक होने का परिचय देेते हुए इसकी जानकारी दैनिक भास्कर के व्हॉट्सअप नंबर-98273-81945 पर दे सकते हैं। आपका नाम और नंबर गोपनीय रखा जाएगा।

Created On :   22 April 2026 6:00 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story