- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- "मिष्ठान्न एवं नमकीन क्लस्टर" की...
Jabalpur News: "मिष्ठान्न एवं नमकीन क्लस्टर" की जमीन का आवंटन होगा निरस्त
डिजिटल डेस्क,जबलपुर। औद्योगिक क्षेत्र रिछाई में प्रस्तावित मिष्ठान्न एवं नमकीन क्लस्टर अब सपना बनकर रह गया है। इसके लिए आवंटित 2.21 एकड़ भूमि अब वापस लिए जाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिला उद्योग केंद्र ने जमीन का आवंटन निरस्त करने की अनुमति के लिए शासन को लिखा पत्र लिखा है।
केंद्र के अधिकारियों ने बताया कि निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बाद यहां कॉमन फैसिलिटी सेंटर का निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो सका, जिससे लगभग 18 करोड़ रुपए का महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट खटाई में पड़ गया है। इस प्रोजेक्ट के लिए वर्ष 2022 में जमीन आवंटित की गई थी।
क्लस्टर का उद्देश्य स्थानीय मिष्ठान्न और नमकीन निर्माताओं को एक ही स्थान पर आधुनिक सुविधाएं प्रदान करना था। आवंटन के चार साल बीत जाने के बाद भी प्रोजेक्ट पर कोई ठोस प्रगति नहीं हुई और न ही ग्राउंड पर काम शुरू हो सका। शहर के 300 से ज्यादा मिष्ठान्न विक्रेताओं को इस योजना का लाभ मिलना था।
सदस्य नहीं जुटा पाए अंशदान- बता दें कि इस परियोजना के तहत केंद्र सरकार की एमएसई-सीडीपी योजना के अंतर्गत 18 करोड़ रुपए की लागत से कॉमन फैसिलिटी सेंटर स्थापित किया जाना था, जिसमें केंद्र सरकार की ओर से 11 करोड़ रुपए का अनुदान प्रस्तावित था। तीन करोड़ रुपए एसपीवी (स्पेशल पर्पज व्हीकल) के सदस्यों को जुटाने थे, लेकिन वे अंशदान नहीं जुटा पाए।
शासन को भेजा पत्र
समय सीमा में कार्य प्रारंभ नहीं होने के कारण मिष्ठान्न एवं नमकीन कलस्टर के लिए दी गई भूमि के आवंटन के निरस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। भूमि का आवंटन निरस्त करने की अनुमति के लिए शासन को पत्र भेजा दिया गया है।
-विनीत रजक, महाप्रबंधक, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र
Created On :   22 April 2026 6:02 PM IST












