- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- अगले 36 माह में एयरपोर्ट तक पहुंचने...
Jabalpur News: अगले 36 माह में एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए मिलेगी एक नई फोरलेन सड़क

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। जबलपुर से डुमना एयरपोर्ट तक जाने के लिए अभी केवल एक ही सीधा मार्ग है। इस सड़क अभी रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय की सीमा से 5 किलोमीटर तक टूलेन है, तो आगे 6 किलोमीटर सड़क फोरलेन है। अब आगे लेकिन एयरपोर्ट तक जाने के लिए सड़क का दूसरा विकल्प होगा। कुण्डम रोड अमझर घाटी से 6 गांवों को क्राॅस करते हुए 13 किलोमीटर में नई फोरलेन सड़क को सीधे एयरपोर्ट से जोड़ दिया जाएगा।
इस सड़क को लेकर लोक निर्माण विभाग का दावा है कि अगले तीन साल यानी 36 माह में इसे बनाकर तैयार कर दिया जाएगा। नई सड़क का निर्माण लोक निर्माण विभाग ने आरंभ भी कर दिया है।
अभी शुरुआत में जहां से सड़क का निर्माण होना है वहां हार्ड मुरुम की फिलिंग सहित अन्य वर्क किए जाने हैं। अधिकारियों का कहना है कि मानसून सीजन में भी इसका वर्क नहीं थमेगा। अगले कुछ माहों के अंदर इसका बेसिक स्ट्रक्चर तैयार कर लिया जाएगा। यह सड़क पूरी तरह डामरीकृत है, तो इसके ऊपरी हिस्से का वर्क मानसून के बाद आरंभ हो सकेगा।
चौड़ाई 70 से 85 फीट तक होगी
अमझर घाटी से जहां सड़क निर्माण आरंभ हुआ है, उसमें कहीं यह फोरलेन सड़क 21 मीटर यानी तकरीबन 70 फीट बनेगी, तो कहीं पर जहां ज्यादा चौड़ाई व सरकारी भूमि ज्यादा है वहां पर यह 26 यानी 85 फीट तक चौड़ी बनाई जाएगी। अगले 25 से 30 साल के विजन को ध्यान में रखते हुए इसका निर्माण किया जा रहा है। इसके बीच में सेंट्रल लाइट्स होंगी, तो किनारे पेवर ब्लॉक भी लगाए जाने हैं।
एक नजर इस पर
सड़क की कुल लंबाई 13 किलोमीटर, 72 करोड़ लागत
इसमें चौड़ाई 70 से 85
फीट तक रहेगी
03 साल का वक्त उससे
पहले भी निर्माण संभव
एयरपोर्ट तक जाने के लिए
यह मार्ग का दूसरा विकल्प
बीच के हिस्से में होना है भू-अर्जन
इस मार्ग के लिए कुछ गांवों में भू-अर्जन भी किया जाना है। इसमें कुछ हिस्सा निजी भूमि है तो कुछ राजस्व और वन की भी भूमि है। इसमें डिफेंस भूमि का कोई भी पेंच नहीं है। जानकारों का कहना है कि मार्ग के लिए भूमि मिल सके, इसके लिए राजस्व विभाग भू- अर्जन की प्रक्रिया तेजी से पूरी कर रहा है। कुछ माहों में यह पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद जल्द ही कार्य की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
रिंग रोड से सीधी कनेक्टिविटी
एयरपोर्ट की नई रोड रिंग रोड से भी जुड़ेगी। अमझरघाटी में जहां सड़क का जीरो प्वाॅइंट है, वहीं से रिंग रोड से इसको जोड़ दिया जाएगा। इस तरह यदि किसी को रिंग रोड के किसी भी हिस्से से एयरपोर्ट तक जाना है, तो वह अमझरघाटी तक पहुंचकर सीधे इस सड़क से एयरपोर्ट जा सकता है। शहर के चारों हिस्सों से इसमें आना-जाना आसान होने वाला है। इससे लोगों को आवाजाही में राहत मिलेगी।
Created On :   22 April 2026 7:38 PM IST











