- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- आईएसबीटी की जगह तीन पत्ती और ब्लूम...
सारे नियम ताक पर: आईएसबीटी की जगह तीन पत्ती और ब्लूम चौक से संचालित की जा रहीं बसें

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। बसों में यात्रियों की बुकिंग शहर के किसी भी इलाके से हो, लेकिन सभी रूटों पर बसों का संचालन सिर्फ दीनदयाल चौक स्थित आईएसबीटी (अंतरराज्यीय बस टर्मिनल) से ही होगा, लेकिन यात्री बसों को लेकर परिवहन विभाग की गाइडलाइन और कलेक्टर द्वारा जारी इन आदेशों की धज्जियां हर रात तीन पत्ती चौक से पुराना बस स्टैण्ड के आसपास उड़ाई जाती हैं, क्योंकि यहां से कई ट्रैवल्स एजेन्सियों की बसें नियमित रूप से संचालित की जा रही हैं।
आलम ये है कि रात 9 बजे के बाद तीन पत्ती से राइट टाउन स्टेडियम मार्ग और पुराना बस स्टैण्ड के पीछे वाले मार्ग पर हर रूट पर चलने वाली बसें लाकर खड़ी कर दी जाती हैं, जिसके बाद सड़क पर ही इनकी धुलाई होती है और रात 10 से 12 बजे के बीच नागपुर, मंडला, रायपुर समेत अन्य रूटों पर चलने वाली बसों में यात्रियों को बैठाकर यहीं से रवाना किया जाता है।
तीन पत्ती के आसपास रोहाणी ट्रैवल्स का कब्जा- तीन पत्ती से लेकर आसपास के मार्केट से राेहाणी ट्रैवल्स की ही बसें संचालित होती हैं। इनमें कुछ बसें ऐसी भी हैं, जिनमें दूसरी एजेन्सियों का नाम लिखा होता है, लेकिन वे बसें भी रोहाणी ट्रैवल्स में अटैच हैं। इस बात को लेकर पूर्व में कई बार दूसरी ट्रैवल्स एजेन्सियों ने परिवहन विभाग और पुलिस में शिकायतें भी की थीं लेकिन आज तक रोहाणी ट्रैवल्स के संचालक पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।
जिम्मेदार बने रहते हैं मूकदर्शक
आईएसबीटी से निकलने के बाद यात्री बसें अगर मेन रोड पर रुकती हैं, तो परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस दिन के समय कार्रवाई करने पहुंच जाते हैं, लेकिन रात में पुलिस मूकदर्शक बनी रहती है।
विवाद और एक्सीडेंट होना आम बात
तीन पत्ती, पुराना बस स्टैण्ड और राइट टाउन स्टेडियम के आसपास सुनसान रोड पर बसों के जमावड़े से आए दिन एक्सीडेंट की घटनाएं होती रहती हैं।
सभी यात्री बसों का संचालन आईएसबीटी से होने का नियम लागू है। अगर कोई भी बस ऑपरेटर इन नियमों का उल्लंघन करेगा तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
-संतोष शुक्ला, डीएसपी ट्रैफिक
Created On :   22 April 2026 5:54 PM IST











