- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- गुणवत्ताविहीन केबलों के कारण बिजली...
Jabalpur News: गुणवत्ताविहीन केबलों के कारण बिजली के तारों में लग रही आग
डिजिटल डेस्क,जबलपुर। जियो और एयरटेल कंपनी द्वारा बिजली के खम्भों पर बिछाई गई घटिया और बेतरतीब केबलों के कारण बिजली के तारों में आग लगने की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसी स्थिति से निपटने के लिए पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के शहर अधीक्षण यंत्री ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने जियो व एयरटेल कंपनी को नोटिस जारी कर केबलों को दुरुस्त करने व नियमानुसार डालने के लिए कहा है। ऐसा नहीं किए जाने की स्थिति में कंपनी के विरुद्ध पुलिस थाने में एफआईआर कराने की चेतावनी दी गई है। शहर अधीक्षण यंत्री ने बताया कि मुख्य अभियंता के निर्देश पर लगातार विद्युत मेंटेनेंस का कार्य कराया जा रहा है।
कार्य के दौरान पाया गया कि मेसर्स भारती एयरटेल लिमिटेड, जियो डिजिटल फाइबर प्रा.लि के द्वारा टेलीफोन व इंटरनेट सेवाओं के लिए केबल डाली गईं वे नियमानुसार नहीं है। दूरसंचार केबल बिजली के हाई वोल्टेज तारों के बहुत करीब या उनसे लिपटे होते हैं। हवा चलने या घर्षण होने पर बिजली के तारों का इंसुलेशन छिल जाता है, जिससे शॉर्ट सर्किट और स्पार्किंग होती है।
मेंटेनेंस में बाधा
केबल खम्भों पर एक मकड़जाल की तरह फैले हुए हैं। इसके कारण बिजली विभाग के लाइनमैन को सुधार कार्य करने में दिक्कत आती है और करंट लगने का खतरा बना रहता है। टेलीकॉम कंपनियों के द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली कम गुणवत्ता वाली केबलें जल्दी गर्म हो जाती हैं और आग को तेजी से फैला सकती हैं।
अलग-अलग नोटिस दिए गए पूर्व में
मुख्य अभियंता एसके गिरिया के अनुसार पूर्व में जियो डिजिटल फाइबर को 6 नोटिस दिए जा चुके है। इसी तरह मेसर्स भारती एयरटेल लिमिटेड को भी 6 नोटिस केबलों को दुरुस्त करने के लिए जारी किया जा चुका है। अब उन्हें अंतिम नोटिस शहर अधीक्षण यंत्री की तरफ से जारी कराया गया है।
Created On :   22 April 2026 6:19 PM IST












