Exclusive Interview: फिल्मों में हीरो बनना आसान नहीं, हर साल दो फिल्में भी नहीं मिलतीं - जहीर इकबाल

डिजिटल डेस्क, मुंबई। रिलीज से पहले कानूनी विवाद में उलझी, रोक लगी और फिर तमाम अड़चनों को पार कर आखिरकार सिनेमाघरों तक पहुंची जहीर इकबाल और सोनाक्षी सिन्हा की फिल्म ‘तू है मेरी किरण’। पर्दे के पीछे फिल्म की रिलीज को लेकर जितना ड्रामा रहा, पर्दे पर जहीर प्यार और ऑब्सेशन के बीच उलझे किरदार में नजर आ रहे हैं। दैनिक भास्कर से बातचीत में जहीर ने फिल्म के विवाद, सोनाक्षी के साथ प्रोफेशनल केमिस्ट्री, रिश्तों में प्यार और जुनून की सीमा और अपने करियर की चुनौतियों पर खुलकर बात की।
सोना(सोनाक्षी) मेरे साथ सुरक्षित है
फिल्म के किरदार से मैं बिल्कुल अलग हूं। मैं प्यार की तरफ हूं, ऑब्सेशन की तरफ कभी नहीं गया। इसलिए अच्छी बात है कि सोना मेरे साथ सुरक्षित हैं। (हंसते हैं) आजकल कई बार लोग ऑब्सेशन को प्यार का नाम दे देते हैं। मुझे लगता है कि प्यार और ऑब्सेशन के बीच की रेखा बहुत बारीक है, लेकिन आपको हमेशा रेड फ्लैग्स दिखाई देंगे, क्योंकि वह एक गट फीलिंग होती है। लोग पहले ही दिन कहने लगते हैं कि मैं प्यार में हूं, पागलों की तरह प्यार करता हूं, तुम्हारे लिए कुछ भी कर सकता हूं। ऐसे दौर में थोड़ा सावधान रहना चाहिए और रिश्ते को समय देना चाहिए।
रेड फ्लैग्स को पहचानें
किसी व्यक्ति को जानने और पहचानने के लिए वक्त देना जरूरी है। आखिरकार असलियत सामने आ जाती है। इसलिए आपकी नजरें खुली होनी चाहिए। जब रेड फ्लैग्स दिखाई दें, तो उन्हें नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। आजकल कई लोग ऑब्सेसिव व्यवहार करते हैं और उसे प्यार का नाम देते हैं कि मैं ऐसा इसलिए हूं, क्योंकि मैं तुमसे बहुत प्यार करता हूं। रिश्ते में अपनी पहचान कभी नहीं खोनी चाहिए। अगर आप अपनी पहचान खो देते हैं, तो आप खुद को ऑब्सेशन के हवाले कर देते हैं।
यह फिल्म मेरे लिए बहुत जरुरी
मेरे लिए यह फिल्म सबसे ज्यादा जरुरी है। मैं अभी नया हूं। इस फिल्म के निर्माता कल दूसरी फिल्म बनाएंगे और सोनाक्षी के पास पहले से चार फिल्में हैं। इसलिए यह फिल्म मेरे लिए बहुत, बहुत, बहुत महत्वपूर्ण है। इसके जरिए लोग देखेंगे कि मैं एक अभिनेता हूं। इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर बनी मेरी छवि इसमें मेरी मदद करेगी। लोग समझेंगे कि मैं सिर्फ सोशल मीडिया पर दिखने वाला इंसान नहीं हूं, बल्कि अभिनय भी कर सकता हूं। मैं चाहता हूं कि ज्यादा से ज्यादा लोग यह फिल्म देखें और मुझे इससे आगे काम मिले। मुझे अभिनय बहुत पसंद है। मैं इसे लेकर जुनूनी हूं, मेहनती हूं और मेरे भीतर काम करने की बहुत भूख है। मैं चाहता हूं कि लोग मुझे मौका दें, ताकि मैं अपनी मेहनत और अपने जुनून को साबित कर सकूं।
फिल्में मिलना आसान नहीं है
सबको लगता है कि मेरे लिए सब आसान रहा होगा, मैं फोन उठाऊंगा और मेरी चार फिल्में बन जाएंगी। लेकिन ऐसा नहीं है। कोई व्यक्ति आपका दोस्त हो, प्रेमी हो या परिवार का सदस्य, अगर उसे आप पर पैसा लगाना है, तो उसे आप पर सच में भरोसा होना चाहिए। कोई भी अभिनेता पर 15-20 करोड़ रुपये तभी लगाएगा, जब उसे आपकी क्षमता पर विश्वास होगा। यह भरोसा जीतना बहुत मुश्किल है। किसी को आपका काम देखना पड़ता है, यह समझना पड़ता है कि आप उस भूमिका के योग्य हैं। अगर फिल्में मिलना इतना आसान होता, तो हर साल मेरी कम से कम दो फिल्में जरूर आतीं।
हमने धारणा को बदला
सोना और मुझे लेकर शुरुआत में काफी कुछ लोगों ने कहा लेकिन आज मैं यह कह सकता हूं कि मैंने अपने प्यार और धैर्य से उस सोच को बदला है, उनका दिल जीता है। लोग आज सोशल मीडिया पर हमारी जोड़ी को बहुत पसंद करते हैं। हम उनके लिए एक अच्छे कपल हैं। मैं अक्सर उनके साथ हंसी मजाक के पोस्ट साझा करता हूं। यहां मेरे लिए यह जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है क्यूंकि लोग हमें देख रहे हैं। जो कभी ट्रोल करते थे वो आज चुप हैं तारीफ करते हैं। यही हमारे प्यार की जीत है।
Created On :  
