Amitabh Bachchan Health Update: बिग बी की सेहत पर आया नया अपडेट, सोशल मीडिया से ब्रेक के बाद बोले- अभी और आराम की जरूरत

डिजिटल डेस्क, भोपाल। बीते दिन अमिताभ बच्चन ने सोशल मीडिया से ब्रेक लेने की अनाउंसमेंट की थी। और अब अभिनेता अमिताभ बच्चन ने अपनी सेहत के बारे में एक अपडेट दी है। उन्होंने बताया कि अभी उन्हें और आराम करने की जरूरत है, क्योंकि वह अभी भी ठीक हो रहे हैं। अभिनेता अपने ब्लॉग और सोशल मीडिया अकाउंट्स के जरिए अक्सर फैंस को अपडेट देते रहते हैं। उन्होंने पहले बताया था कि डॉक्टरों ने उन्हें सोशल मीडिया से कुछ समय के लिए ब्रेक लेने की सलाह दी है।
अमिताभ ने ब्लॉग में क्या लिखा?
शुक्रवार को अपने टंबलर ब्लॉग पर बच्चन ने अपनी रिकवरी और अपने शरीर को आराम के लिए और समय देने की जरूरत के बारे में बात की। उन्होंने लिखा, 'अभी और आराम की जरूरत है। तालमेल बिठा रहा हूं। मानव शरीर और इसकी अनोखी खूबी के बारे में सोच-विचार कर रहा हूं।'
फैंस से क्यों मांगी थी माफी?
इससे पहले डॉक्टरों की सलाह पर कुछ दिनों तक आराम करने की वजह से अपडेट न दे पाने के लिए अभिनेता ने अपने फैंस से माफी मांगी थी। एक्स पर एक पोस्ट में अमिताभ बच्चन ने बताया कि वह अपनी सेहत में सुधार पर ध्यान देने के लिए ऑनलाइन लिखने और बातचीत करने से कुछ समय का ब्रेक ले रहे हैं।
अमिताभ ने जताई थी यह उम्मीद
दशहरा के मौके पर फैंस को शुभकामनाएं देते हुए एक्टर ने यह भी बताया कि उन्हें सख्त आराम करने की सलाह दी गई है। उन्होंने लिखा, 'सबसे पहले सभी को दशहरा की शुभकामनाएं। ढेर सारा प्यार, खुशियां और प्रार्थनाएं। मुझे सख्त आराम करने और ठीक होने की सलाह दी गई है। इसलिए मुझे बातचीत करने की अनुमति नहीं है। कृपया मुझे माफ करें। इसे ही मेरा जवाब समझें। उम्मीद है कि आगे और बात हो पाएगी।'
Created On :  
