Kaylee Hottle Death: 'गॉडजिला एक्स कॉन्ग' फेम एक्ट्रेस केली हॉटल का 18 साल की उम्र में निधन, सड़क हादसे में गई जान

डिजिटल डेस्क, मुंबई। हॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री को लेकर एक हैरान करने वाली खबर सामने आ रही है। चाइल्ड एक्टर केली हॉटल का निधन हो गया है। एक सड़क दुर्घटना में केली की जान गई। वे 18 साल की थीं। एक्ट्रेस ने साल 2021 में रिलीज हुई फिल्म 'गॉडजिला एक्स कॉन्ग' और साल 2024 में रिलीज हुई इसकी अगली कड़ी 'गॉडजिला एक्स कॉन्ग- द न्यू एम्पायर' में काम किया था। केली के निधन को उनके पिता ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए की कंफर्म किया है।
मैरीलैंड में हुआ था हादसा
अमेरिकी एक्ट्रेस केली हॉटल की मौत अमेरिका के मैरीलैंड में हुए एक सड़क हादसे में हुई। केली के पिता जोशुआ हॉटल ने अमेरिकन साइन लैंग्वेज में फेसबुक लाइव के जरिए केली की मौत की दुखद सूचना दी। बाद में TMZ को भी उन्होंने इसकी पुष्टि की। केली हॉटल ने 'गॉडजिला वर्सेस कॉन्ग' और 'गॉडजिला एक्स कॉन्ग- द न्यू एम्पायर' में जिया का किरदार निभाया था।
यह भी पढ़े -पंकज त्रिपाठी की 'ओह माय डॉग' में दिखेगा इंसान और डॉग का खास रिश्ता, बोले- 'यह कहानी दिल को छू लेने वाली है'
केली के स्कूल ने जताया शोक
टेक्सास स्कूल फॉर द डेफ ने भी सोशल मीडिया पर एक बयान जारी कर उनके निधन को कंफर्म किया था। यहां केली हॉटल सीनियर स्टूडेंट थीं। स्कूल ने अपने बयान में कहा, 'हमें बहुत दुख के साथ बताना पड़ रहा है कि हमारी TSD सीनियर स्टूडेंट, केली हॉटल का कल फ्रेडरिक, मैरीलैंड में एक कार एक्सीडेंट में दुखद निधन हो गया'। आगे कहा, 'इस बेहद मुश्किल समय में हमारी संवेदनाएं केली के परिवार, दोस्तों, सहपाठियों और उन सभी लोगों के साथ हैं, जो उन्हें जानते थे और उनसे प्यार करते थे। अभी हमारे पास बहुत कम जानकारी है और हम सभी से गुजारिश करते हैं कि वे केली के परिवार की प्राइवेसी का सम्मान करें। हादसे से जुड़ी परिस्थितियों के बारे में कोई भी बात शेयर करने या अंदाजा लगाने से बचें'।
Created On :   22 July 2026 11:52 AM IST












