Entertainment News: भाई पर कुल्हाड़ी से हुए जानलेवा हमले पर बोले पंकज त्रिपाठी- हम किसी से डरते नहीं

भाई पर कुल्हाड़ी से हुए जानलेवा हमले पर बोले पंकज त्रिपाठी- हम किसी से डरते नहीं
अभिनेता पंकज त्रिपाठी ने जून में बिहार के गोपालगंज में उनके बड़े भाई विजेंद्र नाथ पर हुए जानलेवा हमले पर पहली बार खुलकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि इस घटना ने उन्हें भावनात्मक रूप से प्रभावित जरूर किया

डिजिटल डेस्क, मुंबई। अभिनेता पंकज त्रिपाठी ने जून में बिहार के गोपालगंज में उनके बड़े भाई विजेंद्र नाथ पर हुए जानलेवा हमले पर पहली बार खुलकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि इस घटना ने उन्हें भावनात्मक रूप से प्रभावित जरूर किया, लेकिन उन्हें देश की न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है और उनका परिवार किसी से डरने वाला नहीं है।

पंकज त्रिपाठी ने कही ये बात

पंकज त्रिपाठी ने कहा, ‘मेरा अपने परिवार से गहरा लगाव है। हम रोज कम से कम एक बार जरूर बात करते हैं। इस घटना का असर मुझ पर पड़ा, लेकिन हमें न्याय व्यवस्था पर पूरा विश्वास है। हमने कभी किसी के साथ गलत नहीं किया, इसलिए डरने का कोई कारण नहीं है। यह एक अप्रिय घटना थी, जीवन में ऐसी घटनाएं होती रहती हैं। बता दें कि जून में गोपालगंज के बरौली थाना क्षेत्र स्थित बेलसंड गांव में पंकजर त्रिपाठी के भाई विजेंद्र नाथ तिवारी पर दो लोगों ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें पहले सदर अस्पताल और फिर बेहतर इलाज के लिए पटना एम्स रेफर किया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि हमला जमीनी विवाद के चलते किया गया था। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

क्या था हमले का पूरा विवाद?

जून में बिहार के गोपालगंज में एक्टर पंकज त्रिपाठी के भाई विजेंद्र नाथ पर कुल्हाड़ी से हमला किया गया। घटना बरौली थाना क्षेत्र के बेलसंड गांव की है। विजेंद्र नाथ तिवारी देर शाम अपने घर के दरवाजे पर बैठे थे। इसी दौरान अचानक 2 लोगों ने विजेंद्र पर वार किया। हमले में वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। विजेंद्र नाथ को तुरंत सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने हालत को देखते हुए उन्हें पटना AIIMS रेफर कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया कि विजेंद्र का आरोपियों के साथ जमीनी विवाद था, जिसके चलते उन पर जानलेवा हमला किया गया था। दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।


Created On :   23 July 2026 3:28 PM IST

Tags

Next Story