Singer Sunidhi Chauhan Birthday: 4 साल की उम्र में शुरू किया था गाना, 13 की उम्र में बॉलीवुड डेब्यू, फिर इन गानों ने बनाया स्टार

4 साल की उम्र में शुरू किया था गाना, 13 की उम्र में बॉलीवुड डेब्यू, फिर इन गानों ने बनाया स्टार
बॉलीवुड की दमदार आवाज और मशहूर सिंगर सुनिधि चौहान 14 अगस्त को अपना जन्मदिन मना रही हैं। सुनिधि उन सिंगर्स में शामिल हैं, जिन्होंने बहुत छोटी उम्र में संगीत की दुनिया में कदम रखा और आगे चलकर बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बनाई।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। बॉलीवुड की दमदार आवाज और मशहूर सिंगर सुनिधि चौहान 14 अगस्त को अपना जन्मदिन मना रही हैं। सुनिधि उन सिंगर्स में शामिल हैं, जिन्होंने बहुत छोटी उम्र में संगीत की दुनिया में कदम रखा और आगे चलकर बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बनाई। सुनिधि चौहान का जन्म 14 अगस्त 1983 को दिल्ली में हुआ था। उन्होंने करीब 4 साल की उम्र में गाना शुरू कर दिया था। बचपन में ही उनकी आवाज और टैलेंट ने लोगों का दिल जीत लिया था। बाद में उन्होंने मशहूर संगीतकार कल्याणजी-आनंदजी से ट्रेनिंग ली और उनके ग्रुप ‘लिटिल वंडर्स’ का हिस्सा बनीं।

साल 1996 में सुनिधि ने ‘मेरी आवाज सुनो’ सिंगिंग रियलिटी शो जीता। यह उनके करियर का बड़ा मोड़ था। इसी साल उन्होंने फिल्म ‘शस्त्र’ से बतौर प्लेबैक सिंगर बॉलीवुड में डेब्यू किया। उस समय उनकी उम्र सिर्फ 13 साल थी।

‘रुकी रुकी सी जिंदगी’ से मिली बड़ी पहचान

सुनिधि को असली पहचान फिल्म ‘मस्त’ के गाने ‘रुकी रुकी सी जिंदगी’ से मिली। यह गाना 1999 में रिलीज हुआ था और सुनिधि की आवाज को लोगों ने काफी पसंद किया। इस गाने के लिए उन्हें फिल्मफेयर का आरडी बर्मन अवॉर्ड फॉर न्यू म्यूजिक टैलेंट भी मिला। इसके बाद सुनिधि ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने अलग-अलग तरह के गाने गाए और अपनी आवाज के दम पर इंडस्ट्री में जगह मजबूत की।

सुनिधि की आवाज का सबसे खास अंदाज एनर्जी से भरपूर गानों में देखने को मिला। ‘धूम’ का ‘धूम मचाले’, ‘ओमकारा’ का ‘बीड़ी जलइले’, ‘तीस मार खां’ का ‘शीला की जवानी’ और ‘कमली’ जैसे गानों ने उन्हें स्टार बनाा दिया। ‘बीड़ी जलइले’ और ‘शीला की जवानी’ के लिए उन्हें फिल्मफेयर बेस्ट फीमेल प्लेबैक सिंगर अवॉर्ड भी मिला।

600 से ज्यादा फिल्मों में आवाज

सुनिधि ने हिंदी के अलावा कई भारतीय भाषाओं में भी गाने रिकॉर्ड किए हैं। Apple Music के प्रोफाइल के मुताबिक, वह 600 से ज्यादा फिल्मों में अपनी आवाज दे चुकी हैं और 300 से ज्यादा साउंडट्रैक का हिस्सा रही हैं। यही लंबा करियर उनकी कमाई का सबसे बड़ा आधार माना जाता है। प्लेबैक सिंगिंग के अलावा लाइव कॉन्सर्ट और दूसरे म्यूजिक प्रोजेक्ट्स से भी उनकी कमाई होती है।

सुनिधि चौहान कई म्यूजिक रियलिटी शोज में जज और मेंटर भी रह चुकी हैं। ‘इंडियन आइडल’, ‘द वॉयस’ और ‘दिल है हिंदुस्तानी’ जैसे शोज में उन्होंने प्रतिभागियों को जज किया। हालांकि, 2021 के बाद उन्होंने रियलिटी शो जजिंग से दूरी बना ली। इसके पीछे उन्होंने रियलिटी सिंगिंग शोज की प्रक्रिया को लेकर अपनी असहमति भी जाहिर की थी।

22 से ज्यादा बड़े अवॉर्ड अपने नाम

सुनिधि को अपने करियर में कई बड़े म्यूजिक अवॉर्ड मिल चुके हैं। उन्हें 22 अवॉर्ड मिले हैं और 85 अवॉर्ड्स के लिए नॉमिनेट किया गया है। इनमें फिल्मफेयर, IIFA, स्क्रीन, जी सिने और मिर्ची म्यूजिक अवॉर्ड जैसे सम्मान शामिल हैं। आज भी सुनिधि चौहान की आवाज बॉलीवुड की सबसे पहचानी जाने वाली आवाजों में शामिल है। करीब तीन दशक के करियर में उन्होंने साबित किया है कि दमदार आवाज और लगातार मेहनत के दम पर एक सिंगर फिल्म इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बना सकता है।

Created On :   13 Aug 2026 6:13 PM IST

Tags

Next Story