- Home
- /
- फर्जी खबरें
- /
- ड्रोन अटैक के नाम पर एआई निर्मित...
फैक्ट चेक: ड्रोन अटैक के नाम पर एआई निर्मित वीडियो वायरल, रूस के राष्ट्रपति पुतिन के आवास पर हमले से नहीं है कोई संबंध

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर हमले से जुड़ा एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। क्लिप में एक बड़ी बिल्डिंग को देखा जा सकता है जिस पर ड्रोन्स हमला करते नजर आ रहे हैं। कुछ यूजर्स इसे रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आवास पर हुए हमले का नाम दे रहे हैं। मालूम हो कि, हाल ही में रूस ने यूक्रेन पर पुतिन के आवास पर हमले का गंभीर आरोप लगाया था। वहीं, वायरल वीडियो की जांच की तो पता चला कि क्लिप असल में एआई की मदद से बनाई गई है जिसके जरिए लोग भ्रम फैला रहे हैं।
सोशल मीडिया पर क्या हो रहा है वायरल?
सोशल मीडिया यूजर ने वायरल वीडियो अपने अकाउंट पर शेयर कर लिखा कि रूसी राष्ट्रपति पुतिन के राजमहल पर हमला. ड्रोन हमले का वीडियो सामने आया है, जिसमें कथित तौर पर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आवास पर हमला होते देखा जा सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक ड्रोन रूस के अंदर गहराई तक घुसकर इस हमले को अंजाम देने में सफल रहे।
क्या है वायरल पोस्ट के पीछे की सच्चाई?
वायरल खबर की सच्चाई पता लगाने के लिए हमने वीडियो के स्क्रीनशॉट्स निकाले और उन्हें गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। ऐसा करने पर हमें कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद हमने एआई डिटेक्टर टूल की मदद लेना सही समझा। ट्रुथ स्कैन के मुताबिक, क्लिप 99 फीसदी एआई के जरिए बनाई गई है।
Created On :   6 Jan 2026 2:00 PM IST












