- Home
- /
- फर्जी खबरें
- /
- पार्टी कार्यकर्ताओं ने नहीं फाड़े...
फैक्ट चेक: पार्टी कार्यकर्ताओं ने नहीं फाड़े कांग्रेस के पोस्टर, सोशल मीडिया पर यूजर्स ने किया झूठा दावा, देखें Video

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। क्लिप में कुछ लोगों को कांग्रेस के बैनर पर हमला करते हुए देखा जा सकता है। देख कर ऐसा लग रहा है जैसे लोग बैनर को फाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। कुछ यूजर्स इस वीडियो को अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर शेयर कर दावा कर रहे हैं कि कांग्रेस के ही कार्यकर्ताओं ने पोस्टर फाड़ा है। हालांकि, इस दावे में कोई सच्चाई नहीं है। रिवर्स सर्च में पता चला कि घटना को अंजाम देने वाले कांग्रेस कार्यकर्ता नहीं बल्कि भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता थे। यही लोग जोरदार नारेबाजी करते हुए भी नजर आ रहे हैं।
सोशल मीडिया पर क्या हो रहा है वायरल?
'Abhishek Gandhi' नामक सोशल मीडिया यूजर ने अपने फेसबुक अकाउंट पर वायरल वीडियो शेयर कर लिखा कि कांग्रेस के गढ़ में ही राहुल गांधी के खिलाफ विद्रोह! अपने ही कार्यकर्ताओं ने पोस्टर फाड़े और लगाए नारे। राहुल गांधी के खिलाफ कांग्रेस दफतर में ही बगावत। अपने ही कार्यकर्ताओं ने पोस्टर फाड़े और लगाए नारे।
क्या है वायरल पोस्ट के पीछे की सच्चाई?
वायरल वीडियो की सच्चाई पता लगाने के लिए हमने वीडियो के स्क्रीनशॉट्स लिए और उन्हें गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। ऐसा करने पर हमें 'SATYA Khabar INDIA' का फेसबुक पेज मिला जहां यही वीडियो शेयर की गई थी। यहां दी गई जानकारी के मुताबिक, पोस्टर पर हमला करने वाले भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता हैं। इससे यह पता चलता है कि लोग जिस वीडियो को कांग्रेस के नाम से शेयर कर रहे हैं वह दावा झूठा है।
Created On :   28 Feb 2026 12:10 PM IST












